वन्यजीव हमलों के पीड़ितों से सरकार की पूरी सहानुभूति, हर कदम उठाएगी सरकार : महेंद्र भट्ट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 21 नवम्बर। राज्य के पर्वतीय क्षेत्रों में वन्य जीवों के हमलों की बढ़ती घटनाओं के बीच भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा है कि राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और जन सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।

भट्ट ने बताया कि एक माह के भीतर कई दुखद घटनाएं सामने आई हैं, लेकिन सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए वन विभाग को सख्त निर्देश जारी कर दिए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने, पिंजरे लगाने और खतरनाक स्थलों को चिह्नित कर कार्रवाई तेज करने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि नरभक्षी गुलदार को शूट करने और भालू व बाघ की सक्रियता वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों में आक्रोश स्वाभाविक है, लेकिन सरकार पूरी तरह सतर्क और संवेदनशील है। वन विभाग स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से लगातार कार्रवाई कर रहा है। भट्ट ने जनता से अपील की कि वे संयम बरतें और वन कर्मियों के सहयोगी बनें, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी हो सके।

भट्ट के अनुसार वन्य जीव हमलों में मृतक व घायल परिवारों को मिलने वाली मुआवजा राशि बढ़ाई गई है तथा राहत राशि अब तत्काल उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर जनहानि न हो, इसके लिए सरकार हर संभव कदम उठाएगी।

इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे समय में राजनीतिक लाभ खोजने के बजाय पीड़ित परिवारों का संबल बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों की बढ़ती गतिविधियों पर वन विभाग के अधिकारियों के साथ विस्तृत कार्ययोजना पर शीघ्र बैठक की जाएगी।

 

Leave a Comment

और पढ़ें