
माणा बाजार में किया डिजिटल पेमेंट, श्रमिकों को खिलाई मिठाई
चमोली, 20 नवम्बर।
प्रदेश के ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी मंगलवार को देश के प्रथम गांव माणा पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले भारतीय सेना के जवानों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। मंत्री ने सीमांत क्षेत्र में तैनात जवानों के उत्साह और सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि देश की सुरक्षा में उनका योगदान अनुकरणीय है।
इसके बाद मंत्री जोशी ने माणा बाजार का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और तीर्थयात्रियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुझावों पर चर्चा की। यात्रा सुविधाओं और व्यवस्थाओं की जानकारी भी मौके पर ली। माणा बाजार में मंत्री ने स्थानीय उत्पाद खरीदे और उनका भुगतान डिजिटल पेमेंट से कर लोगों को डिजिटल लेनदेन को अपनाने का संदेश दिया।
मंत्री जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में माणा गांव को देश का प्रथम गांव का दर्जा मिला है। यहां की संस्कृति, परंपरा और देशभक्ति पूरे उत्तराखंड के लिए प्रेरणा स्रोत है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में महिलाओं को समूहों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने का कार्य तेजी से चल रहा है और अब तक 1.65 लाख से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।
बदरीनाथ धाम से लौटते समय मंत्री जोशी ने वृद्ध बद्री के पास काफिला रुकवाकर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर काम कर रहे श्रमिकों से मुलाकात की। उन्होंने श्रमिकों को मिठाई खिलाकर उनका उत्साह बढ़ाया और कठोर परिस्थितियों में किए जा रहे उनके कार्य की प्रशंसा की।
इस अवसर पर बद्री–केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सहित कई स्थानीय लोग उपस्थित रहे।









