
मुंबई। अगर ज़िंदगी आपको बार-बार दूसरा मौका दे तो? अगर हर बार वही दिन दोहराकर आपको यह सिखाए कि असल मायने किस बात के हैं? इन्हीं सवालों को केंद्र में रखकर बनी फिल्म ‘थुरथु निर्गमना’ का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर इस शुक्रवार, 21 नवंबर को शाम 7:30 बजे ज़ी एक्शन पर प्रसारित होगा।
फिल्म कल्पना, संवेदना और आत्मचिंतन का ऐसा संगम है, जो दर्शकों को रिश्तों की अहमियत दोबारा याद दिलाती है। सुनील राव ने अपने दमदार अभिनय से कहानी को मजबूत आधार दिया है। संयुक्ता हेगड़े और अच्युत कुमार ने भी अपने किरदारों में सहजता और गर्मजोशी भरकर फिल्म को और प्रभावी बनाया है। बेहतरीन सिनेमेटोग्राफी और मन को छू लेने वाला संगीत फिल्म के माहौल को और गहरा बनाता है।
कहानी 32 वर्षीय विक्रम की है—एक बेपरवाह युवक, जिसके दिन वीडियो गेम, मस्ती और लापरवाही में गुजरते हैं। परिवार और जिम्मेदारियों को हल्के में लेने वाला विक्रम तभी संभलता है जब एक दुर्घटना उसका जीवन बदल देती है। किस्मत उसे अपनी गलतियां सुधारने और रिश्तों को जोड़ने के लिए सिर्फ तीन दिन देती है… और वही तीन दिन बार-बार दोहराए जाते हैं। इस अनोखी यात्रा के दौरान विक्रम को समझ आता है कि लड़ाई दुनिया से नहीं, खुद से है—उन फैसलों से जिनसे वह हमेशा बचता रहा, उन रिश्तों से जिन्हें उसने नज़रअंदाज़ किया और उन जिम्मेदारियों से जिनसे वह भागता रहा।दर्शकों के लिए यह फिल्म भावनाओं, कल्पना और आत्मचिंतन का खास अनुभव बनकर सामने आती है।









