आईएसबीटी में गंदगी देख भड़के सीएम धामी, खुद उठाई झाड़ू — अधिकारियों को कड़े निर्देश, बोले: “अगली बार सब दुरुस्त दिखना चाहिए”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

देहरादून 18 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार दोपहर सचिवालय से सीधे आईएसबीटी देहरादून पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। अचानक मुख्यमंत्री के पहुँचते ही प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। सीएम ने परिसर की सफाई, यात्रियों की सुविधा, बस संचालन, टिकट काउंटर, पेयजल, शौचालय और सुरक्षा व्यवस्था का साइट पर जाकर बारीकी से निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जब मुख्यमंत्री की नजर बस अड्डे में फैली गंदगी और अव्यवस्था पर पड़ी तो उन्होंने नाराजगी जाहिर करते हुए साफ कहा कि “ऐसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” इसके बाद मुख्यमंत्री ने स्वयं झाड़ू उठाकर सफाई की और अधिकारियों को कड़ा संदेश दिया कि स्वच्छता केवल फाइलों में नहीं बल्कि ज़मीन पर दिखाई देनी चाहिए।

सीएम धामी ने एमडीडीए और परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि आईएसबीटी में रोजाना साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि बस अड्डे के हर हिस्से में स्वच्छता से संबंधित सूचना-पट लगाए जाएँ और यात्रियों को धूल, कचरे और अव्यवस्था से मुक्त वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

मुख्यमंत्री ने एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी को विशेष रूप से निर्देशित किया कि आईएसबीटी की व्यवस्था सुधारने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर तुरंत लागू की जाए।

निरीक्षण के दौरान सीएम धामी ने बसों की आवाजाही व्यवस्था, प्रतीक्षालयों की स्थिति, टिकट काउंटर की कार्यप्रणाली, दुकानों के संचालन, पेयजल और शौचालयों की उपलब्धता पर भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड एक प्रमुख पर्यटन और तीर्थ राज्य है, ऐसे में बस अड्डों व यात्रास्थलों पर उच्च स्तरीय स्वच्छता और सुविधा अनिवार्य है।

मुख्यमंत्री ने आईएसबीटी में मौजूद यात्रियों से बातचीत कर उनका फीडबैक भी लिया। उन्होंने यात्रियों से सुझाव मांगे कि यात्रा के दौरान उन्हें किन समस्याओं का सामना करना पड़ता है और व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए क्या किया जा सकता है। सीएम ने कहा कि यात्रियों की बातों को ही सुधार का आधार बनाया जाएगा।

सीएम धामी ने बताया कि राज्य सरकार जल्द ही प्रदेशव्यापी जनसहभागिता आधारित स्वच्छता अभियान शुरू करने जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अगली बार निरीक्षण के दौरान आईएसबीटी की हर व्यवस्था दुरुस्त मिलनी चाहिए, अन्यथा संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान परिवहन विभाग और एमडीडीए के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें