दुर्घटनाएँ रोकने को सरकार सख्त, सीमावर्ती क्षेत्रों में बढ़ेगी चौकिंग – सीएम धामी ने सड़कों की मरम्मत से लेकर कैशलेस इलाज तक दिए बड़े निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 18 नवंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को सचिवालय में आयोजित सड़क सुरक्षा परिषद की बैठक में अधिकारियों को सड़कों पर सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कठोर और त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को आयुष्मान योजना के साथ-साथ अन्य अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार मिल सके, इसके लिए परिवहन एवं स्वास्थ्य विभाग संयुक्त रूप से प्रस्ताव तैयार करे।

सीएम धामी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगातार कमी लाना सरकार की शीर्ष प्राथमिकता है। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सघन चेकिंग बढ़ाने और पर्वतीय इलाकों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि ओवरलोडिंग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं होगी।

मुख्यमंत्री ने बस अड्डों में स्वच्छता और सुरक्षा से जुड़े नियमित अभियान चलाने, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कार्रवाई करने और दुर्घटना के बाद घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने के रिस्पांस टाइम को न्यूनतम रखने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से प्रभावित और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सड़कों के मरम्मत कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखा जाए। जिलों में शुरू की गई बेहतर पहल को बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में अपनाने के निर्देश भी दिए गए।

सीएम धामी ने ट्रैफिक मैनेजमेंट को अत्याधुनिक बनाने पर जोर देते हुए कहा कि एआई आधारित सिस्टम और तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाए तथा सभी जिलों में ट्रैफिक सिस्टम को ऑटोमेटेड मोड में लाया जाए। चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर सड़क चौड़ीकरण के कार्य को भी तेजी से पूरा करने को कहा गया।

दुर्घटनाओं में त्वरित सहायता के लिए फर्स्ट रिस्पॉन्डर ट्रेनिंग प्रोग्राम नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय मार्गों पर क्रैश बैरियर की स्थापना और उनके अनुरक्षण पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि वाहनों के रुकने के लिए ऐसे स्थानों का चयन हो, जहाँ शौचालय, पानी, भोजन और पार्किंग जैसी मूलभूत सुविधाएँ उपलब्ध हों। इसके लिए परिवहन और पर्यटन विभागों को मिलकर योजना बनाने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि शीतकालीन यात्रा, चारधाम यात्रा और नंदा राजजात यात्रा को देखते हुए यातायात व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा बस अड्डों में विशेष सतर्कता रखी जाए।

सड़क सुरक्षा सुधारों पर तेज गति से कार्य सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री ने परिवहन, पुलिस और लोक निर्माण विभाग को हर माह संयुक्त बैठक करने के निर्देश दिए। साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क किनारे पौधारोपण के लिए वन विभाग और जिला प्रशासन को समन्वय के साथ अभियान चलाने को कहा गया।

बैठक के दौरान सड़क सुरक्षा में सराहनीय कार्य करने वालों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित भी किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, सचिव शैलेश बगोली, बृजेश कुमार संत, वी. षणमुगम, अपर पुलिस महानिदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन, आईजी राजीव स्वरूप, आयुक्त परिवहन रीना जोशी, अपर सचिव विनीत कुमार, रोहित मीणा सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें