कांग्रेस की रणनीतिक बैठक में 2027 का रोडमैप तय, ‘मिशन 2027’ पर सर्वसम्मति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

 

नेताओं ने कहा—उत्तराखंड बदलाव चाहता है, कांग्रेस ही विकल्प

 

देहरादून 17 नवंबर। 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियों का बिगुल फूंक दिया है। शनिवार को राजीव भवन में एआईसीसी और पीसीसी सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता से जुड़ाव बढ़ाने और मुद्दा-आधारित अभियान चलाने पर जोर दिया गया। बैठक में वरिष्ठ नेताओं ने पहाड़ के दर्द, चुनौतियों और उम्मीदों पर खुलकर मंथन किया।

 

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, सह-प्रभारी मनोज यादव, सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गोविंद सिंह कुंजवाल, पूर्व काबिना मंत्री हीरा सिंह बिष्ट, नवप्रभात, राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा सहित बड़ी संख्या में विधायक, फ्रंटल संगठन प्रमुख, एआईसीसी और पीसीसी सदस्य उपस्थित रहे।

 

मिशन 2027 के पाँच प्रस्ताव मंजूर

 

बैठक के दौरान प्रेम बहुखंडी द्वारा प्रस्तुत पाँच प्रस्तावों—

सुरक्षित उत्तराखंड, आर्थिक-सामाजिक-पर्यावरणीय सुरक्षा, खुशहाल परिवार, स्वस्थ जीवन, सभी के लिए रोजगार व आय की गारंटी—पर मुहर लगाई गई। इन्हें ‘मिशन 2027’ के मूल एजेंडे के रूप में स्वीकार किया गया।

 

गणेश गोदियाल बोले—2027 सिर्फ चुनाव नहीं, राज्य का भविष्य

 

प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ पर मजबूती से खड़े हो जाएँ, तो 2027 में कांग्रेस की वापसी तय है। उन्होंने भाजपा पर वादाखिलाफी व जनता की उम्मीदें तोड़ने का आरोप लगाया और कहा कि “2027 हमारा है।”

हरीश रावत ने कहा—जनता बदलाव चाहती है ।पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बेरोज़गारी, महंगाई और पलायन को राज्य की सबसे बड़ी समस्याएँ बताते हुए कहा कि जनता कांग्रेस की ओर उम्मीद से देख रही है। उन्होंने संगठन को गाँव-गाँव तक पुर्नजीवित करने पर जोर दिया।

 

डॉ. हरक सिंह रावत—मजबूत बूथ, एकजुट नेतृत्व, वही जीत की कुंजी

 

चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि 2027 के लिए कांग्रेस की रणनीति स्पष्ट है—सशक्त कार्यकर्ता, मजबूत बूथ और एकजुट नेतृत्व। लक्ष्य सिर्फ एक—कांग्रेस की वापसी, यानी जनता की जीत।

 

अन्य नेताओं के बयान

 

मनोज यादव (सहप्रभारी)—कांग्रेस अनुशासन और समन्वय के साथ आगे बढ़ेगी, कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा दी जाएगी।

सुरेंद्र शर्मा (सहप्रभारी)—कांग्रेस तब जीतती है जब कार्यकर्ताओं में भरोसा और जज़्बा होता है, आज संगठन एकजुट है।

गोविंद सिंह कुंजवाल—जनता भाजपा की नाकामियों का जवाब देगी।

हीरा सिंह बिष्ट—संगठन में नई चेतना है, अब सिर्फ आक्रामक जनसंपर्क की जरूरत।

नवप्रभात—कांग्रेस अनुभव और युवा ऊर्जा का संतुलित विकल्प पेश करेगी, पलायन राज्य का सबसे बड़ा घाव है जिसे भरना होगा।

 

बैठक का संचालन संगठन प्रशासन उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने किया। महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि 2027 कांग्रेस का वर्ष होगा।

 

नेताओं ने दोहराया कि बूथ से ब्लॉक और जिला तक हर कार्यकर्ता जीत की जिम्मेदारी ले—लक्ष्य एक है: जनता का भरोसा जीतना और राज्य को बेहतर सरकार देना ।

Leave a Comment

और पढ़ें