राजकीय मेडिकल कॉलेजों में भर्ती की बड़ी पहल, 587 नए नर्सिंग अधिकारी मिलेंगे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने जारी किया विज्ञापन, 17 दिसम्बर तक कर सकेंगे आवेदन

देहरादून 17 नवंबर। राज्य के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से लंबित नर्सिंग अधिकारियों की तैनाती अब जल्द पूरी होने वाली है। उत्तराखंड चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड ने 587 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन 27 नवम्बर से भरे जाएंगे और अंतिम तिथि 17 दिसम्बर 2025 तय की गई है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए तेजी से कदम उठा रही है। आधुनिक संसाधनों के साथ-साथ मानव संसाधन की भरपाई भी प्राथमिकता पर की जा रही है। उन्होंने कहा कि पिछले एक सप्ताह में ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग में 287 चिकित्सकों और 180 महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं की भर्ती प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब मेडिकल कॉलेजों में नर्सिंग अधिकारियों के रिक्त 587 पदों पर भी विज्ञापन जारी कर दिया गया है।

इनमें हरिद्वार और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेजों के 480 पद तथा 107 बैकलॉग पद शामिल हैं। विज्ञापित पदों में नर्सिंग अधिकारी (महिला) डिप्लोमा धारक के 336, डिग्री धारक के 144, नर्सिंग अधिकारी (पुरुष) डिप्लोमा धारक के 75 तथा डिग्री धारक के 32 पद शामिल हैं।

मंत्री रावत ने कहा कि नई तैनातियों से मेडिकल कॉलेजों में स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। मरीजों की देखभाल में सुधार आएगा और उपचार प्रक्रियाएं अधिक प्रभावी व तेजी से हो सकेंगी।

Leave a Comment

और पढ़ें