कई स्थानों पर काल्पनिक नुकसान, सैकड़ों लोगों का सुरक्षित रेस्क्यू
देहरादून 15 नवंबर
। भूकंप की आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने शनिवार को देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल आयोजित की। सुबह 9:30 बजे 6.3 तीव्रता का काल्पनिक भूकंप आने की सूचना प्रसारित होते ही पूरे जिले में अलर्ट जारी किया गया और विभिन्न एजेंसियों ने राहत-बचाव कार्यों की कमान संभाली।
थानों और चौकियों पर लगे इमरजेंसी सायरन बजाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई। जिलाधिकारी सविन बंसल ने तत्काल इंसीडेंट रिस्पांस सिस्टम (IRS) सक्रिय करते हुए सभी नोडल अधिकारियों को राहत-बचाव कार्य शुरू करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह ने एनआईसी स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर कमान संभाली और सभी स्थानों से रेस्क्यू की रियल-टाइम रिपोर्ट लेते रहे।
राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रूहेला, आपदा सचिव विनोद कुमार सुमन सहित वरिष्ठ अधिकारी देहरादून जनपद के रेस्क्यू कार्यों को लाइव मॉनिटर करते रहे।
10 स्थानों पर चला ऑपरेशन, कई जगह दबे लोग, कई घायल दिखाए गए
तहसील सदर के अंतर्गत कोरोनेशन अस्पताल, महाराणा प्रताप स्टेडियम, आईएसबीटी, आराघर विद्युत उपकेंद्र, जल संस्थान दिलाराम और पैसिफिक मॉल में नुकसान की सूचना पर पुलिस लाइन रेस्कोर्स और स्पोर्ट्स स्टेडियम से टीमें मौके पर भेजी गईं।
वहीं कालसी के पाटा गांव व कस्तूरबा गांधी विद्यालय, विकासनगर के सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र और ऋषिकेश स्थित टीएचडीसी के पास भी रेस्क्यू ऑपरेशन किया गया।
कई स्थानों पर बड़े स्तर की क्षति दर्शायी गई — ऐसे हुआ रेस्क्यू
- कोरोनेशन अस्पताल : इमरजेंसी वार्ड क्षतिग्रस्त, 20 लोग दबे; 17 को सुरक्षित निकाला गया, 3 की मृत्यु दर्शाई गई।
- कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कालसी : सभी 18 बच्चों को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया।
- स्पोर्ट्स ग्राउंड : हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से 3 की मृत्यु, 5 घायल।
- एमडीडीए कॉलोनी : 100 लोग मलबे में फंसे बताए गए, 60 घायलों को अस्पताल व 40 को प्राथमिक उपचार दिया गया।
- आराघर विद्युत गृह : आग लगने से 4 लोग घायल; आग को नियंत्रित किया गया।
- पैसिफिक मॉल : भूकंप के बाद भगदड़; दो लोग घायल।
- पाटा गांव : भारी भू–धंसाव; 17 लोगों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया गया।
- सेलाकुई इंडस्ट्रियल एरिया : क्लोरीन गैस रिसाव की स्थिति दर्शायी गई; 100 से अधिक मजदूरों को सुरक्षित निकाला गया।
- टीएचडीसी, ऋषिकेश : मलबे में फंसे लोगों को रेस्क्यू कर AIIMS में भर्ती कराया गया।
अभ्यास ने बढ़ाई टीमों की तैयारियां
सीडीओ अभिनव शाह ने कहा कि मॉक ड्रिल बेहद सफल रही। उन्होंने कहा कि “अभ्यास ही मनुष्य को परिपूर्ण बनाता है।”
उन्होंने नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू के दौरान जो कमियां सामने आईं या जिन संसाधनों की कमी महसूस हुई, उन्हें तुरंत पूरा किया जाए ताकि वास्तविक आपदा में राहत कार्य सुचारू रूप से चल सके।
कंट्रोल रूम में पुलिस अधीक्षक जया बलूनी, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. एम.के. शर्मा, डीडीओ सुनील कुमार, सीईओ वी.के. ढौडियाल, डीएसओ के.के. अग्रवाल सहित IRS के सभी अधिकारी मौजूद रहे।
— जिला सूचना अधिकारी, देहरादून







