रुड़की 15 नवंबर
। क्वांटम विश्वविद्यालय में शनिवार को आयोजित 5वें दीक्षांत समारोह में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में राज्यपाल ने विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को गोल्ड मेडल प्रदान किए। विश्वविद्यालय की सर्वश्रेष्ठ छात्रा साक्षी राज को प्रेसिडेंस मेडल से सम्मानित किया गया।
दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने उपाधि प्राप्त छात्रों, उनके अभिभावकों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने इसे जीवन का “स्वर्णिम क्षण” बताते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, यह लंबे समय तक किए गए परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ इच्छाशक्ति का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्यों के साथ आगे बढ़ने, सकारात्मक सोच अपनाने और समाज व राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की प्रेरणा दी।
राज्यपाल ने नैतिक मूल्यों, चरित्र और विनम्रता को स्थायी सफलता का आधार बताया। उन्होंने एआई, रोबोटिक्स, डेटा एनालिटिक्स और क्वांटम कंप्यूटिंग जैसी उभरती तकनीकों का उल्लेख करते हुए युवाओं से “लाइफ लॉन्ग लर्निंग” अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भविष्य उसी युवा का है, जो सीखना कभी बंद नहीं करेगा और नई तकनीकों को अपनाएगा।
अमृत काल की यात्रा का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका निर्णायक होगी। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा शोध, नवाचार, उद्योग–सहयोग और सामाजिक उत्तरदायित्व के क्षेत्र में हासिल की गई प्रगति को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।
समारोह में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. विवेक कुमार ने वार्षिक उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम में विधायक ममता राकेश, मेयर अनीता अग्रवाल, अध्यक्ष अजय गोयल, संस्थापक अध्यक्ष श्याम सुन्दर गोयल, डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक, कुलसचिव डॉ. अमित दीक्षित सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और विश्वविद्यालय के सदस्य मौजूद रहे।







