वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने पर भाजपा ने किया ‘वंदेमातरम@150’ अभियान का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

वंद

देहरादून, 12 नवम्बर। राष्ट्रगीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने संगठन स्तर पर “वंदेमातरम@150” अभियान की शुरुआत की। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट और प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार के नेतृत्व में पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम गीत का मौलिक स्वरूप में सामूहिक गायन किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि वंदे मातरम केवल एक गीत नहीं, बल्कि राष्ट्र आराधना और देशभक्ति की भावना का प्रवाह है। उन्होंने कहा कि इस गीत की प्रेरणा से असंख्य लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम में बलिदान दिए। भट्ट ने कहा कि दुर्भाग्यवश स्वतंत्रता के बाद कांग्रेस ने तुष्टिकरण की राजनीति के कारण इस गीत को वह सम्मान नहीं दिया, जिसका यह पात्र था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से अब इस गीत के 150वें वर्ष को अभूतपूर्व तरीके से मनाया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी को राष्ट्रभक्ति और एकता के भाव से जोड़ा जा सके।

प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार ने कहा कि वंदे मातरम भारत की आत्मा में रचा-बसा है, लेकिन कुछ राजनीतिक स्वार्थों के चलते इसे विस्मृत करने का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा इस गीत को राष्ट्रभक्ति और एकता की प्रेरणा के रूप में पुनः जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेकर चल रही है। उन्होंने बताया कि सरकार के साथ-साथ पार्टी संगठन भी आगामी 26 नवम्बर (संविधान दिवस) तक सभी जिला और मंडल कार्यालयों में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन करेगा। इसके साथ ही गोष्ठियों और विशेष चर्चाओं के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाएगा।

इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में राष्ट्रध्वज फहराया गया और देशभक्ति के नारों के बीच कार्यकर्ताओं में मिष्ठान वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन अभियान की प्रदेश संयोजक एवं प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत ने किया।

इस अवसर पर राजपुर विधायक खजान दास, सविता कपूर, प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, तरुण बंसल, प्रदेश मंत्री एवं अभियान सह संयोजक गौरव पांडे, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत, प्रदेश मीडिया संयोजक मनवीर सिंह चौहान, सह संयोजक राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता कमलेश रमन, कुंवर जपेंद्र, महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष रुचि भट्ट, युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोल, डॉ. देवेंद्र भसीन, विनोद उनियाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

और पढ़ें