उत्तराखंड को व्यापार सुधार कार्ययोजना में टॉप अचीवर्स पुरस्कार, मुख्यमंत्री धामी ने जताया गर्व

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

उत

देहरादून, 12 नवम्बर । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को बुधवार को सचिवालय में उद्योग सचिव श्री विनय शंकर पाण्डेय ने प्रदेश को राष्ट्रीय स्तर पर व्यापार सुधार कार्य योजना (Business Reform Action Plan) 2024 के तहत पाँच प्रमुख सुधार श्रेणियों में टॉप अचीवर्स पुरस्कार भेंट किया।

यह प्रतिष्ठित पुरस्कार नई दिल्ली में आयोजित उद्योग समागम 2025 में केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल द्वारा उद्योग सचिव विनय शंकर पाण्डेय को प्रदान किया गया था। यह सम्मान उत्तराखंड को व्यवसाय प्रवेश, निर्माण परमिट सक्षमकर्ता, पर्यावरण पंजीकरण, निवेश सक्षमकर्ता एवं श्रम विनियमन सक्षमकर्ता जैसे पाँच प्रमुख सुधार क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दिया गया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस उपलब्धि को राज्य की व्यवसाय सुगमता (Ease of Doing Business) के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताते हुए कहा कि यह राज्य के सतत सुधार और उद्योगों के अनुकूल वातावरण के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर यह सम्मान उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है और यह निवेश को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ पारिस्थितिक संतुलन एवं समान विकास को बनाए रखने की दिशा में राज्य के प्रयासों को मजबूती प्रदान करेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि औद्योगिक विकास न केवल प्रदेश की आर्थिक समृद्धि का माध्यम बन रहा है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि बी.आर.ए.पी. 2024 में देश के शीर्ष राज्यों में स्थान पाने से निवेशकों का भरोसा और बढ़ेगा तथा राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर उद्योग महानिदेशक सौरव गहरवार भी उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें