
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने की मां गंगा की आरती, प्रदेश की समृद्धि के लिए मांगी आशीष
हरिद्वार, 3 नवंबर।
उत्तराखंड राज्य गठन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रजत जयंती सप्ताह कार्यक्रमों की शुरुआत आज हरिद्वार की पावन धरती से हुई। ब्रह्मकुंड हरकी पैड़ी पर 25 दीपदान और 25 शंखनाद के साथ इस विशेष सप्ताह का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का आयोजन जिला प्रशासन हरिद्वार द्वारा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा ने मां गंगा की आरती में सम्मिलित होकर प्रदेश और जनपद की खुशहाली एवं प्रगति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की 25 वर्ष की यात्रा राज्यवासियों की एकता, श्रम और संकल्प की प्रतीक रही है, और आने वाले वर्षों में राज्य को नई ऊंचाइयों पर ले जाना सभी का सामूहिक संकल्प होना चाहिए।
आरती स्थल पर श्रीगंगा सभा के महामंत्री तन्मय वशिष्ठ, पुरोहितगण और विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने दीपदान में भाग लिया। हरकी पैड़ी की गंगा आरती इस अवसर पर रजत जयंती की थीम में रंगी दिखाई दी, जब सैकड़ों दीपों की लौ ने ब्रह्मकुंड के जल को स्वर्णिम आभा से भर दिया।
जिला प्रशासन द्वारा रजत जयंती सप्ताह के तहत जनपद में सांस्कृतिक, पर्यावरणीय और विकासोन्मुखी कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित की जाएगी।






