रजत जयंती पखवाड़े के तहत प्रदेशभर में कांग्रेस की विचार गोष्ठियां, धस्माना बोले — सपनों का उत्तराखंड अब भी अधूरा
देहरादून 2 नवंबर
। राज्य निर्माण की रजत जयंती पखवाड़े के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को प्रदेशभर में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया। “क्या शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हम 25 सालों में” विषय पर देहरादून के यमुना कॉलोनी, प्रेमनगर और कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की गोष्ठियों में कांग्रेस नेताओं ने राज्य की उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा की।
। राज्य निर्माण की रजत जयंती पखवाड़े के अवसर पर उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को प्रदेशभर में विचार गोष्ठियों का आयोजन किया। “क्या शहीदों के सपनों का उत्तराखंड बना पाए हम 25 सालों में” विषय पर देहरादून के यमुना कॉलोनी, प्रेमनगर और कौलागढ़ ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों की गोष्ठियों में कांग्रेस नेताओं ने राज्य की उपलब्धियों और चुनौतियों पर चर्चा की।मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड के 25 वर्ष पूरे होने पर यह मूल्यांकन करना जरूरी है कि हम शहीदों के सपनों के अनुरूप राज्य बना पाए या नहीं। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के बाद भाजपा की पहली अंतरिम सरकार महज 14 महीने चली, जिसमें दो मुख्यमंत्री बदले गए और विकास कार्य ठप रहे।
धस्माना ने कहा कि कांग्रेस की पहली निर्वाचित सरकार में पं. नारायण दत्त तिवारी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, परिवहन और उद्योग के क्षेत्र में मजबूत आधारशिला रखी। “आज जो भी विकास की इमारत खड़ी है, उसकी नींव कांग्रेस ने रखी थी,” उन्होंने कहा।
उन्होंने सिडकुल, दून विश्वविद्यालय, पेट्रोलियम विश्वविद्यालय और गोरखा आरक्षण जैसे कदमों को कांग्रेस शासन की उपलब्धियां बताया। भू-कानून पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि “तिवारी सरकार ने इससे बेहतर कानून पहले ही बना दिया था, लेकिन भाजपा ने उसे नष्ट कर दिया, जिससे बाहरी लोगों ने पहाड़ों की जमीनें खरीद लीं।”
धस्माना ने कहा कि भाजपा सरकारों ने राज्य में “मुख्यमंत्रियों की फौज” खड़ी कर दी — “25 सालों में कुल 11 में से 8 मुख्यमंत्री भाजपा ने दिए।” उन्होंने कहा कि शहीदों ने ऐसे उत्तराखंड का सपना देखा था, जहां हर गांव में स्वास्थ्य सुविधा हो, युवाओं को रोजगार मिले और पलायन न करना पड़े। लेकिन आज भी स्वास्थ्य सेवाएं ध्वस्त हैं, पलायन जारी है और गांव खाली हो रहे हैं। “शहीदों के सपनों का उत्तराखंड अभी अधूरा है,” उन्होंने कहा।
गोष्ठी की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी ने की। उन्होंने कहा कि रजत जयंती पर कांग्रेस पूरे राज्य में विचार गोष्ठियों के माध्यम से जनता को राज्य निर्माण के उद्देश्यों की याद दिला रही है।
इस अवसर पर जगदीश प्रसाद बहुगुणा, सुमित्रा ध्यानी, संगीता गुप्ता, दिनेश कौशल, अनुराग गुप्ता, जे.एस. चुग, शाहिद, जितेंद्र तनेजा, सुमित खन्ना, मोहित ग्रोवर, रविंदर जूनियर और राजेश पुंडीर समेत कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
Author: Day Night Khabar
Post Views: 95








