फ़्योंली… पर्वत की बेटी’ का हुआ मुहूर्त, लेखक गाँव में गूंजी कैमरे की क्लिक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून, 1 नवम्बर ।
टिहरी गढ़वाल के ‘लेखक गाँव’ में इगास पर्व के शुभ अवसर पर हिमालयन फिल्म्स के बैनर तले बनने जा रही फिल्म ‘फ़्योंली… पर्वत की बेटी’ का मुहूर्त विधिवत संपन्न हुआ। पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ और उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी नितिन उपाध्याय ने नारियल तोड़कर व क्लैप शॉट देकर शुभारंभ किया।

डॉ. निशंक ने फिल्म टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि निर्देशक मनोज इष्टवाल की यह फिल्म एक पर्वतीय बेटी के संघर्ष और सपनों की प्रेरक कहानी है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार क्षेत्रीय भाषाओं के साथ-साथ हिंदी और अन्य भाषाओं में बन रही फिल्मों को भी प्रोत्साहन दे रही है, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

नोडल अधिकारी नितिन उपाध्याय ने बताया कि प्रदेश सरकार फिल्म निर्माण को बढ़ावा देने के लिए सब्सिडी दे रही है, ताकि राज्य की सुंदर वादियों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की फिल्में बन सकें। उन्होंने कहा कि ‘फ़्योंली… पर्वत की बेटी’ जैसी फिल्में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के संदेश को सशक्त रूप से समाज तक पहुंचाएंगी।

मुहूर्त शॉट के बाद ‘लेखक गाँव’ स्थित नालंदा पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में फिल्म के कुछ दृश्य फिल्माए गए। हिमालयन डिस्कवर फाउंडेशन के बैनर तले बन रही इस फिल्म के निर्माता रजत डबराल और सृष्टि डबराल हैं, जबकि मनोज इष्टवाल लेखक व निर्देशक हैं।

फिल्म में सोनम शर्मा, किरण डिमरी किट्टू, रीना चौहान, श्री शर्मा, मनोज इष्टवाल और शशिमोहन रावत मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। सिनेमाटोग्राफी गोविंद नेगी और चंद्रशेखर चौहान कर रहे हैं।

मुहूर्त कार्यक्रम में फिल्म यूनिट के 27 सदस्य मौजूद रहे। फिल्म से जुड़े हरीश सनवाल, डॉ. मोहन भुलानी, सुनील गुप्ता, इंद्र सिंह नेगी, एस.पी. शर्मा, अजीत पठानिया, अजीत नेगी और राहुल वशिष्ठ भी उपस्थित थे ।

Leave a Comment

और पढ़ें