शारदा कॉरिडोर श्रद्धा, संस्कृति और समृद्धि का केंद्र बनेगा : सीएम धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

जनभावनाओं के अनुरूप हों निर्माण कार्य — मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश

चम्पावत  28 अक्तूबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को खटीमा लोहियाहेड स्थित कैंप कार्यालय में शारदा कॉरिडोर विकास परियोजना की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजना से जुड़े सभी कार्य जनता की भावनाओं और स्थानीय आस्था के अनुरूप हों।

सीएम ने कहा कि शारदा कॉरिडोर श्रद्धा, संस्कृति और समृद्धि का केंद्र बनेगा। लगभग 200 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में प्रस्तावित इस परियोजना का उद्देश्य धार्मिक, सांस्कृतिक, पर्यटन और पर्यावरणीय दृष्टि से क्षेत्र का समग्र विकास करना है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने परियोजना के तहत प्रस्तावित 38 प्रमुख कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इनमें शारदा घाट का पुनर्विकास, सिटी ड्रेनेज प्लान–1, रणकोची माता मंदिर का पुनरुद्धार, बनबसा में हेलीपोर्ट विकास, चूका से चल्थी तक माउंटेन बाइक ट्रेल, अंतरराष्ट्रीय सीमा बाजार, श्रद्धा पथ का सौंदर्यीकरण, शारदा रिवरफ्रंट मास्टर प्लान और एयरो स्पोर्ट्स सुविधाओं का सृजन शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने भूमि अधिग्रहण और हस्तांतरण कार्यों को शीघ्रता एवं प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्यों को तय समयसीमा में, गुणवत्ता और पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए।

सीएम धामी ने कहा कि हर कार्य में पर्यावरण संरक्षण सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। डिज़ाइन और ढाँचा क्षेत्र की पारंपरिक संस्कृति एवं स्थापत्य शैली के अनुरूप तैयार किए जाएं। कार्यदायी संस्था को स्थानीय स्तर पर कार्यालय स्थापित करने को भी कहा गया ताकि कार्यों की गति तेज हो सके।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि आगे चलकर लोहाघाट स्थित विवेकानंद सर्किट और माँ वाराही धाम को स्पिरिचुअल ज़ोन के रूप में विकसित किया जाएगा। साथ ही क्षेत्र को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित करने और शहीदों की स्मृति में ‘शौर्य स्थल’ निर्माण के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि यह परियोजना टनकपुर की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सहेजते हुए पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई ऊँचाई देगी। लगभग ₹3300 करोड़ की लागत से बनने वाली यह परियोजना टनकपुर को नई पहचान दिलाएगी।

बैठक में जिलाधिकारी चम्पावत मनीष कुमार, जिलाधिकारी ऊधमसिंह नगर नितिन सिंह भदौरिया, अपर जिलाधिकारी कृष्णा नाथ गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती, अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें