सेवा पखवाड़ा शिविर में उमड़ी भीड़, 2362 लोगों ने उठाया सरकारी योजनाओं का लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चम्पावत, 5 जुलाई। जनपद चम्पावत में 15 दिवसीय ‘सेवा पखवाड़ा’ अभियान के तहत रविवार को टनकपुर के बूम-शारदा घाट, ऊंचौलीगोठ में बहु-विभागीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में आयोजित शिविर में 2362 नागरिकों ने विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उठाया।

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों से संवाद करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचाया जाए।
शिविर में विभिन्न विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी, आवेदन, प्रमाण-पत्र और अन्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन ने ‘ऑन-द-स्पॉट’ व्यवस्था के तहत 154 शिकायतों और समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया। ग्राम्य विकास एवं पंचायतीराज विभाग ने आवश्यक प्रमाण-पत्र जारी किए, जबकि उरेडा, बाल विकास और ग्राम्य विकास विभाग ने पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं से जोड़ते हुए तत्काल लाभ प्रदान किया।
प्रशासन के अनुसार, सेवा पखवाड़ा अभियान 18 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे शिविर आयोजित कर आमजन को सरकारी सेवाएं उनके निकट उपलब्ध कराई जाएंगी।शिविर में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, सुभाष बगौली, हेमा जोशी, मुकेश महराना, हुकुम सिंह कुँवर, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, जिलाधिकारी मनीष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें