नांदेड़ एक्सप्रेस और शाहजहांपुर तक सवारी ट्रेन का शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टनकपुर/गोरखपुर, 5 जुलाई। उत्तराखंड के टनकपुर को रेलवे सोमवार (6 जुलाई) को दो महत्वपूर्ण सौगातें मिलने जा रही हैं। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टनकपुर–नांदेड़ साप्ताहिक एक्सप्रेस और टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक मार्ग विस्तार का उद्घाटन करेंगे।

टनकपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा विशेष उद्घाटन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।
वहीं, पीलीभीत जंक्शन पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी तथा वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन के शाहजहांपुर तक विस्तारित संचालन का शुभारंभ करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, सांसद मिथिलेश कुमार, सांसद अरुण कुमार सागर तथा विधान परिषद सदस्य डॉ. सुधीर गुप्ता भी मौजूद रहेंगे।
रेलवे के अनुसार, कुमाऊं क्षेत्र के लोगों और सिख श्रद्धालुओं की लंबे समय से टनकपुर से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब तक सीधी ट्रेन चलाने की मांग थी। इसे देखते हुए रेल मंत्रालय ने टनकपुर–हजूर साहिब नांदेड़–टनकपुर साप्ताहिक एक्सप्रेस को मंजूरी दी है। साथ ही, टनकपुर–पीलीभीत सवारी ट्रेन का विस्तार शाहजहांपुर तक करने का भी निर्णय लिया गया है।रेलवे का कहना है कि इन सेवाओं से छात्रों, किसानों, व्यापारियों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के कृषि एवं अन्य उत्पादों को नए बाजार उपलब्ध होंगे, जिससे कुमाऊं क्षेत्र के आर्थिक और सांस्कृतिक विकास को भी गति मिलेगी।
कार्यक्रम में पूर्वोत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री उदय बोरवणकर, इज्जतनगर मंडल की मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा सहित रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें