नई दिल्ली 26 अक्टूबर
। उत्तराखण्ड के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने शनिवार को नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और हाउस ऑफ हिमालयस के उत्पाद भेंट करते हुए उन्हें देवभूमि उत्तराखण्ड आगमन का निमंत्रण दिया।
भेंट के दौरान कृषि मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से अनुरोध किया कि उत्तराखण्ड में मौसमी फलों के अधिक उत्पादन को देखते हुए नई दिल्ली में कोल्ड स्टोरेज की सुविधा के लिए स्थान उपलब्ध कराया जाए। मुख्यमंत्री गुप्ता ने इस पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
मंत्री जोशी ने मुख्यमंत्री को उत्तराखण्ड सरकार की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे ‘हाउस ऑफ हिमालयस’ उत्पादों की जानकारी दी। उन्होंने राज्य के पर्वतीय उत्पादों, हस्तशिल्प और जैविक वस्तुओं के प्रचार-प्रसार के प्रयासों से भी अवगत कराया।
इस अवसर पर मंत्री जोशी ने सुगंध पौध केंद्र द्वारा तैयार उत्पाद भी मुख्यमंत्री को भेंट किए। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंत्री गणेश जोशी को उत्तराखण्ड में महिला सशक्तिकरण और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने की दिशा में किए जा रहे इन सराहनीय प्रयासों के लिए शुभकामनाएं दीं।








