मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस स्मृति दिवस पर दी शहीदों को श्रद्धांजलि, उत्तराखण्ड पुलिस के लिए की कई बड़ी घोषणाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ पर सभी पुलिसकर्मियों को मिलेगा विशेष रजत जयंती पदक
आगामी तीन वर्षों तक पुलिस आवास निर्माण के लिए प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये

देहरादून, 21 अक्टूबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को पुलिस लाइन्स, देहरादून में आयोजित पुलिस स्मृति दिवस परेड में प्रतिभाग कर शहीद पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर उत्तराखण्ड पुलिस के सभी कार्मिकों को विशेष रजत जयंती पदक प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्होंने घोषणा की कि पुलिस कर्मियों के आवास निर्माण हेतु अगले तीन वर्षों तक प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये की धनराशि दी जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस कल्याण निधि को 2.5 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 4.5 करोड़ रुपये किया गया है तथा एसडीआरएफ के लिए 5 नई बैरकों का निर्माण भवाली, काण्डा, पौड़ी, टिहरी और बागेश्वर में कराया जाएगा।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस बल को अधिक सक्षम और संसाधनयुक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। पिछले तीन वर्षों में पुलिस भवनों के निर्माण के लिए 500 करोड़ रुपये की राशि दी गई है और 688 आवासीय भवनों का निर्माण कार्य जारी है।

उन्होंने बताया कि 356 पुलिसकर्मियों को इस वर्ष पदोन्नति दी गई है, जबकि 115 पदों पर प्रक्रिया जारी है। 215 कर्मियों को विशिष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया है।
राज्य सरकार पुलिस प्रशिक्षण संस्थानों के सुदृढ़ीकरण और एआई एवं साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण के लिए विशेष कदम उठा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मियों की वेतन, भत्ता और चिकित्सा प्रतिपूर्ति से जुड़ी प्रक्रियाएं अब ऑनलाइन कर दी गई हैं। साथ ही एसडीआरएफ की एक नई कंपनी के गठन को मंजूरी देते हुए 162 नए पद सृजित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि इस वर्ष मृतक आश्रित कोटे में 136 परिवारों को नियुक्तियां दी गई हैं। खेल नीति के तहत कुशल खिलाड़ियों के लिए पुलिस विभाग में विशेष कोटे से भर्ती का भी प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक युग में पुलिस के समक्ष साइबर अपराध और नशे के खिलाफ लड़ाई सबसे बड़ी चुनौती है। राज्य में गठित त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक फोर्स ने तीन वर्षों में 6199 तस्करों पर कार्रवाई कर 275 करोड़ रुपये से अधिक के नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।

उन्होंने बताया कि साइबर अपराधों के खिलाफ उत्तराखण्ड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 63 करोड़ रुपये से अधिक की राशि पीड़ितों को लौटाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांवड़ यात्रा और चारधाम यात्रा के दौरान उत्तराखण्ड पुलिस ने करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित की है। प्राकृतिक आपदाओं के समय भी पुलिस ने साहसिक कार्य करते हुए अनेक लोगों की जानें बचाई हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, सविता कपूर, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, डीजीपी दीपम सेठ, पूर्व मुख्य सचिव राधा रतूड़ी व अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें