देहरादून, 22 सितम्बर।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राजभवन परिसर में ‘‘भगीरथ उद्यान’’ का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने उद्यान में स्थापित महान राजा भगीरथ की 10 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया। यह प्रतिमा 8 फीट ऊँचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित की गई है, जिसे हरिद्वार के प्रख्यात कलाकार शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से निर्मित किया है।
उद्यान में प्रतिमा के साथ विविध प्रजातियों के पौधों का रोपण भी किया गया है, जिससे वातावरण हरियाली और आध्यात्मिकता से परिपूर्ण हो उठा है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर कहा कि यह प्रतिमा केवल एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। उन्होंने कहा कि यहाँ प्रकृति, नक्षत्र, मंदिर और पर्वत मिलकर लोककल्याण के दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं। राज्यपाल ने उद्यान को विकसित करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह प्रतिमा प्रत्येक आगंतुक को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा हमें सदैव स्मरण दिलाएगी कि ‘‘भगीरथ प्रयत्न’’ ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है।
उद्घाटन से पूर्व राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव लो.नि.वि. विनीत कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंडया, संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सहायक अभियंता विजय धस्माना, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
