एआर रहमान और इम्तियाज अली के संवाद से सजा देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल का पहला दिन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


पीपल बाबा, विशाल बत्रा, कुब्रा सैठ और आदित्य कुलश्रेष्ठ ने भी साझा किए विचार, नाट्य प्रस्तुति ‘एक लम्हा जिंदगी’ के साथ हुआ समापन

देहरादून 27 नवंबर। देहरादून लिटरेचर फेस्टिवल (डीडीएलएफ) 2026 का शुक्रवार को दून इंटरनेशनल स्कूल में भव्य शुभारंभ हुआ। साहित्य, सिनेमा, संगीत, पर्यावरण और रंगमंच से जुड़ी देश की जानी-मानी हस्तियों की मौजूदगी में पहले दिन विभिन्न विषयों पर संवाद और चर्चाएं हुईं। दिन का मुख्य आकर्षण ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली के बीच हुआ विशेष संवाद रहा।

महोत्सव की शुरुआत फेस्टिवल निदेशक सौम्या कुलश्रेष्ठ के स्वागत संबोधन से हुई। इस दौरान रस्किन बॉन्ड के चर्चित उपन्यास ‘द रूम ऑन द रूफ’ का विशेष 70वीं वर्षगांठ संस्करण जारी किया गया। साथ ही रस्किन बॉन्ड साहित्य पुरस्कार भी प्रदान किए गए। ‘बडिंग राइटर्स’ श्रेणी में श्रेया सिंह को विजेता और अनन्या स्वप्निल को उपविजेता घोषित किया गया। वहीं ‘प्रॉमिसिंग राइटर’ श्रेणी में आस्था ध्यानी को सम्मानित किया गया।

पर्यावरण संरक्षण पर आयोजित सत्र में पीपल बाबा ने पेड़ों के संरक्षण और पौधरोपण के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बताया कि महज 11 वर्ष की उम्र से उन्होंने पौधे लगाने शुरू कर दिए थे। उनके अनुसार पौधा लगाना आसान है, लेकिन अगले पांच वर्षों तक उसकी देखभाल कर उसे जीवित रखना असली जिम्मेदारी है। पर्यावरण संरक्षण में उनके योगदान के लिए उन्हें ‘गार्डियंस ऑफ द हिमालयाज अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया।

एक अन्य सत्र में आईएएस आरके सुधांशु ने उत्तराखंड के वन क्षेत्र और विकास पर विचार रखे। उन्होंने बताया कि राज्य गठन के समय उत्तराखंड का वन क्षेत्र 41 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 45.44 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच संतुलन जरूरी है। साथ ही पलायन रोकने के लिए पहाड़ों में रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया।

कारगिल युद्ध के नायक कैप्टन विक्रम बत्रा के जीवन पर आयोजित संवाद में उनके जुड़वां भाई विशाल बत्रा ने कई अनछुए पहलुओं को साझा किया। उन्होंने कहा कि दुनिया विक्रम को शेरशाह के रूप में जानती है, लेकिन वह चाहते हैं कि लोग उन्हें एक बेटे, भाई और दोस्त के रूप में भी समझें।

फेस्टिवल के सबसे चर्चित सत्र ‘साउंड्स एंड स्टोरीज’ में एआर रहमान और इम्तियाज अली ने संगीत और सिनेमा के अपने अनुभव साझा किए। रहमान ने अपनी रचनात्मक यात्रा, संगीत के प्रयोगों और फिल्मों में गीतों की भूमिका पर बात की। वहीं इम्तियाज अली ने फिल्म ‘रॉकस्टार’ और ‘अमर सिंह चमकीला’ के निर्माण से जुड़े अनुभव साझा किए। दोनों ने संगीत और सिनेमा के आपसी रिश्तों पर भी चर्चा की।

अभिनेत्री एवं लेखिका कुब्रा सैठ ने अपने जीवन के अनुभवों और निजी संघर्षों पर विचार रखे। वहीं हास्य कलाकार आदित्य कुलश्रेष्ठ ने हास्य को मुश्किल परिस्थितियों से निपटने का माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि हास्यबोध व्यक्ति को कठिन समय में भी आगे बढ़ने की ताकत देता है। कवयित्री प्रिया मलिक की पहली पुस्तक ‘इश्क के सात पड़ाव’ का विमोचन भी किया गया।

महोत्सव के पहले दिन पढ़ने की बदलती संस्कृति, साहित्य और कल्पना, पर्यावरण, विकास तथा समकालीन संस्कृति जैसे विषयों पर भी कई सत्र आयोजित किए गए। शाम को अभिनेत्री जूही बब्बर सोनी की नाट्य प्रस्तुति ‘एक लम्हा जिंदगी’ के साथ पहले दिन के कार्यक्रमों का समापन हुआ। नाटक में वर्ष 1938 से 1979 के बीच की प्रेम कहानी को मंच पर प्रस्तुत किया गया।

डीडीएलएफ के संस्थापक समरांत विरमानी ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य साहित्य, संगीत, सिनेमा और रंगमंच से जुड़ी प्रतिभाओं को एक मंच पर लाकर सार्थक संवाद को बढ़ावा देना है। इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘लाइफ, लिटरेचर, लेगेसी’ रखी गई है। तीन दिवसीय महोत्सव में अगले दो दिनों तक भी साहित्यिक चर्चाओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विशेष संवादों का आयोजन होगा।

Leave a Comment

और पढ़ें