धामी कैबिनेट के अहम फैसले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कैबिनेट के कई अहम फैसले, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ की सरकारी गारंटी

पीजी डॉक्टरों को दुर्गम क्षेत्रों में दो साल की अनिवार्य सेवा, आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित होंगे; आंगनबाड़ी कर्मियों के मानदेय पर फैसला मुख्यमंत्री के हवाले

देहरादून 27 नवंबर। प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में प्रशासनिक, सामाजिक, स्वास्थ्य, पेयजल, आबकारी और औद्योगिक क्षेत्रों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। कैबिनेट ने उत्तराखंड सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 लागू करने, चीनी मिलों को 207.75 करोड़ रुपये की शासकीय प्रत्याभूति देने और चिकित्सा सेवाओं में सुधार के लिए कई फैसले लिए। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि पर अंतिम निर्णय लेने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को अधिकृत किया गया।

कैबिनेट ने उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद सृजित करने के साथ सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली-2026 के प्रख्यापन को मंजूरी दी। इसके तहत संगठित और असंगठित क्षेत्र के कर्मकारों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ मिलेगा। असंगठित कर्मकारों और भवन निर्माण श्रमिकों के कल्याण के लिए अलग-अलग बोर्ड गठित किए जाएंगे। साथ ही सामाजिक सुरक्षा कोष का भी गठन होगा। नियमावली में ग्रेच्युटी, कर्मचारी की मृत्यु पर अंतिम संस्कार व्यय और बीमा न्यायालय से संबंधित प्रावधान भी शामिल किए गए हैं।

पीजी डॉक्टरों को दो साल दुर्गम क्षेत्रों में करनी होगी सेवा

चिकित्सा सेवाओं को मजबूत बनाने के लिए कैबिनेट ने राजकीय मेडिकल कॉलेजों में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में प्रवेश लेने वाले छात्रों के लिए अनिवार्य राजकीय सेवा बॉण्ड को मंजूरी दी। इसके तहत पाठ्यक्रम पूरा करने के बाद चिकित्सकों को दुर्गम और पर्वतीय क्षेत्रों के अस्पतालों में दो वर्ष की अनिवार्य सेवा देनी होगी। इससे सरकारी अस्पतालों में वरिष्ठ आवासीय चिकित्सकों की कमी दूर करने में मदद मिलेगी।

कर्मचारी राज्य बीमा योजना के तहत फार्मासिस्ट (एलोपैथिक) के सीधी भर्ती पदों के लिए डीफार्मा के साथ बीफार्मा की योग्यता भी मान्य होगी। इसके लिए सेवा नियमावली में संशोधन किया जाएगा। एक्स-रे तकनीशियन सेवा की भर्ती और नियुक्ति संबंधी संशोधन नियमावली को भी मंजूरी दी गई।

चीनी मिलों को मिलेगी 207.75 करोड़ की गारंटी

पेराई सत्र 2026-27 में गन्ना किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करने के लिए बाजपुर, नादेही, किच्छा और डोईवाला चीनी मिलों को बैंकों से ऋण लेने के लिए 207.75 करोड़ रुपये की सरकारी गारंटी देने का प्रस्ताव मंजूर किया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए उत्तराखंड ग्रामीण पेयजल योजनाओं के संचालन एवं रखरखाव नीति-2026 को भी मंजूरी दी गई। इससे वर्ष 2024 की पुरानी नीति समाप्त हो जाएगी।

आबकारी विभाग में 11 नए पद

राजस्व संग्रह बढ़ाने और अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग में 11 नए पद सृजित किए जाएंगे। इनमें उप आबकारी आयुक्त के पांच और सहायक आबकारी आयुक्त के छह पद शामिल हैं। विभाग के दो मौजूदा परिक्षेत्रों का पुनर्गठन कर सात परिक्षेत्र बनाए जाएंगे।

इसके अलावा आवास विभाग के पार्किंग निर्माण कार्यों में रुचि नहीं दिखाने और लंबे समय तक काम शुरू नहीं करने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग एवं अवसंरचना विकास निगम लिमिटेड को कार्यदायी संस्थाओं के पैनल से हटाने का निर्णय लिया गया।

कैबिनेट ने सेतु आयोग की सूचना प्रौद्योगिकी सेवा नियमावली-2026 और उत्तराखंड लेखा परीक्षा राजपत्रित सेवा संशोधन नियमावली-2026 को भी मंजूरी दी। लेखा परीक्षा सेवा नियमावली में अधिमानी अर्हता के तहत ‘प्रादेशिक सेवा’ के स्थान पर ‘प्रादेशिक सेना’ शब्द किया जाएगा।

बैठक में उत्तराखंड की पंचम विधानसभा के वर्ष 2026 के तृतीय सत्र का तत्काल प्रभाव से सत्रावसान किए जाने की संस्तुति भी की गई। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं के मासिक मानदेय में वृद्धि के प्रस्ताव पर अंतिम फैसला लेने का अधिकार मुख्यमंत्री को सौंपा गया।

Leave a Comment

और पढ़ें