बीटल्स पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म की फरवरी 2027 में ऋषिकेश में होगी शूटिंग

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 18 अक्टूबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से रविवार को अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माताओं के प्रतिनिधिमंडल ने भेंट की। इस दौरान विश्वप्रसिद्ध ब्रिटिश संगीत समूह ‘द बीटल्स’ पर आधारित अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग उत्तराखंड में किए जाने को लेकर चर्चा हुई। प्रस्तावित फिल्म की शूटिंग फरवरी 2027 में ऋषिकेश स्थित ऐतिहासिक चौरासी कुटिया (बीटल्स आश्रम) में की जाएगी।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि ‘क्लोवर’ नाम से प्रस्तावित इस फिल्म परियोजना का निर्देशन ऑस्कर पुरस्कार विजेता प्रसिद्ध निर्देशक सर सैम मेंडेस कर रहे हैं। सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के लिए नील स्ट्रीट प्रोडक्शंस द्वारा एप्पल कॉर्प्स के सहयोग से तैयार की जा रही इस परियोजना के तहत बीटल्स के चारों सदस्यों के जीवन और संगीत यात्रा पर आधारित चार अलग-अलग फिल्में बनाई जा रही हैं। ‘द बीटल्स-ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट’ नाम से प्रस्तावित इस फिल्म श्रृंखला को अप्रैल 2028 में दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज किए जाने की योजना है।

ऋषिकेश में होने वाली शूटिंग में 100 से अधिक अंतरराष्ट्रीय और करीब 150 भारतीय क्रू सदस्यों के साथ स्थानीय तकनीशियनों और अन्य सहयोगियों की सेवाएं भी ली जाएंगी। भारत में फिल्म निर्माण से जुड़े कार्यों का समन्वय ‘ऑन द रोड इंडिया’ कर रहा है। परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ ही होटल, परिवहन और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड अपनी प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत और विविध शूटिंग स्थलों के कारण देश के प्रमुख फिल्म गंतव्य के रूप में स्थापित हो चुका है। राज्य सरकार की फिल्म नीति-2024 के तहत फिल्म निर्माताओं को अनुकूल वातावरण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि देश-विदेश की अधिक से अधिक फिल्म परियोजनाएं उत्तराखंड में आएं, जिससे स्थानीय कलाकारों, तकनीशियनों और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकें।

उन्होंने कहा कि ऋषिकेश की विश्वभर में योग और आध्यात्मिक नगरी के रूप में पहचान है। बीटल्स का भी ऋषिकेश से ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। ऐसे में यहां अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजना की शूटिंग होने से उत्तराखंड की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिलेगी तथा अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री से भेंट करने वाले प्रतिनिधिमंडल में बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित ब्रिटिश फिल्म निर्माता एलेक्जेंड्रा डर्बीशायर, भारतीय फिल्म निर्माता दिलीप सिंह राठौर और सुपरवाइजिंग लोकेशन मैनेजर एम्मा पिल शामिल थीं।

Leave a Comment

और पढ़ें