स्वतंत्रता सेनानी जयानंद भारती के भवन का होगा जीर्णोद्धार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बीरोंखाल (पौड़ी)18 अक्टूबर। उत्तराखंड रत्न, स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक कर्मवीर जयानंद भारती से संबंधित भवन का जीर्णोद्धार किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज के अनुरोध पर विकासखंड बीरोंखाल के साबली, पंचपुरी स्थित इस ऐतिहासिक भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल कर लिया है। इसके लिए करीब 50 लाख रुपये की धनराशि प्रस्तावित है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताते हुए कहा कि कर्मवीर जयानंद भारती का उत्तराखंड के सामाजिक और ऐतिहासिक जीवन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरण और सामाजिक समानता के लिए उल्लेखनीय कार्य किया।

महाराज ने कहा कि जयानंद भारती का जीवन और उनका योगदान उत्तराखंड की अमूल्य ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहर है। उनके जीवन से जुड़ी धरोहर का संरक्षण आवश्यक है, ताकि भावी पीढ़ियां उनके संघर्ष, विचारों और सामाजिक योगदान से परिचित हो सकें। इसी उद्देश्य से उन्होंने मुख्यमंत्री से भवन के जीर्णोद्धार का अनुरोध किया था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने उनके आग्रह को स्वीकार करते हुए भवन के जीर्णोद्धार को मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किया है। इससे क्षेत्रीय जनता की भावनाओं का सम्मान होने के साथ ही कर्मवीर जयानंद भारती की स्मृति और विरासत को संरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

गौरतलब है कि 17 अक्टूबर को कर्मवीर जयानंद भारती की 146वीं जयंती के अवसर पर स्यूंसी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित दो दिवसीय राजकीय मेले के शुभारंभ समारोह में सतपाल महाराज ने भवन के जीर्णोद्धार के लिए मुख्यमंत्री से हुई बातचीत की जानकारी दी थी। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से भवन के संरक्षण और जीर्णोद्धार का वादा किया था। अब इसे मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल किए जाने से क्षेत्रवासियों में खुशी है।

Leave a Comment

और पढ़ें