
उद्योग जगत से संपर्क मजबूत करने और विद्यार्थियों को करियर मार्गदर्शन देने पर हुआ मंथन
देहरादून 13 अक्टूबर। भारतीय प्रबंध संस्थान काशीपुर की ओर से 10 अक्टूबर को नई दिल्ली के छतरपुर स्थित द दिवोली में ‘दिल्ली सिटी मीट-2026’ का आयोजन किया गया। संस्थान की पूर्व विद्यार्थी संबंध समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में करीब 90 पूर्व विद्यार्थियों, संकाय सदस्यों और संस्थान के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विद्यार्थियों के अनुभव, मार्गदर्शन और ज्ञान को वर्तमान विद्यार्थियों के विकास से जोड़ने के साथ ही उद्योग जगत और प्रबंधन शिक्षा के बीच संबंध मजबूत करने पर चर्चा हुई। विभिन्न बैचों के पूर्व विद्यार्थियों ने अपने पेशेवर अनुभव साझा किए और कहा कि पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क विद्यार्थियों को उद्योग की अपेक्षाओं, करियर विकल्पों और व्यावहारिक अनुभवों को समझने में महत्वपूर्ण मदद कर सकता है।
संस्थान के डीन (डेवलपमेंट) प्रो. कुनाल गांगुली ने कहा कि मजबूत पूर्व विद्यार्थी तंत्र संस्थान के विकास, उद्योग जगत से सहभागिता, विद्यार्थियों की सफलता और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय पहचान बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व विद्यार्थियों को संस्थान के अतीत का हिस्सा भर नहीं, बल्कि उसके भविष्य को आकार देने वाले भागीदार के रूप में देखा जाना चाहिए।
पूर्व विद्यार्थी संबंध समिति के अध्यक्ष प्रो. उत्कर्ष ने कहा कि सिटी मीट पूर्व विद्यार्थियों और संस्थान के बीच संवाद का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत पूर्व विद्यार्थियों के अनुभव विद्यार्थियों को पेशेवर दुनिया के विभिन्न पहलुओं से परिचित कराने में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
कार्यक्रम में प्रोपरटी डॉट शॉप के संस्थापक और 2011-13 बैच के पूर्व विद्यार्थी जतिन कुमार, सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स में ग्रोथ लीड (डीजीएम) और 2014-16 बैच के पूर्व विद्यार्थी रविंदर यादव तथा पूर्व विद्यार्थी हिमांशु अग्रवाल ने भी अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने संस्थान के पूर्व विद्यार्थियों के बीच निरंतर संवाद, सहयोग और मजबूत नेटवर्क विकसित करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का समापन नेटवर्किंग और अनौपचारिक संवाद के साथ हुआ। प्रतिभागियों ने पेशेवर संबंधों को मजबूत करने और संस्थान से निरंतर जुड़े रहने के तरीकों पर चर्चा की। आयोजन में इस बात पर जोर दिया गया कि पूर्व विद्यार्थी नेटवर्क के माध्यम से उद्योग जगत के अनुभव, करियर संबंधी मार्गदर्शन और व्यावहारिक ज्ञान वर्तमान विद्यार्थियों की शिक्षा को और समृद्ध कर सकते हैं।








