
मुंबई 21 सितंबर ।सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के सेट पर गणेश चतुर्थी का उत्सव खुशी, सकारात्मक ऊर्जा और अपनापन लेकर आया। कलाकारों और पूरी टीम ने एक साथ मिलकर त्योहार मनाया और इस दौरान सेट पर पारिवारिक माहौल नजर आया।
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के सेट पर त्योहारों को साथ मनाना टीम की खास परंपरा बन चुका है। व्यस्त शूटिंग के बीच कलाकार और क्रू कुछ समय निकालकर सज-धजकर तैयार होते हैं, आरती में शामिल होते हैं और एक-दूसरे के साथ त्योहार की खुशियां साझा करते हैं। ऐसे अवसर टीम के सदस्यों को काम से इतर एक-दूसरे के करीब आने का मौका देते हैं।
शनाया का किरदार निभा रहीं मुस्कान बामने ने कहा कि सेट पर सभी त्योहारों को परिवार की तरह मिलकर मनाते हैं। उनके मुताबिक, गणेश चतुर्थी का उत्सव सेट पर खुशी और सकारात्मक ऊर्जा लेकर आता है। उन्होंने बताया कि वह सभी के लिए घर के बने मोदक भी लेकर आएंगी।
चिराग की भूमिका निभा रहे नितिन बाबू के लिए यह ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ के सेट पर पहला गणेश चतुर्थी उत्सव है। उन्होंने कहा कि हर त्योहार पर टीम कुछ खास करती है और इस बार भी गणेश चतुर्थी पर सकारात्मक माहौल के साथ खास आयोजन की उम्मीद है। उन्होंने ढोल-ताशा पर नाचने को लेकर भी उत्साह जताया।
दीप्ति का किरदार निभा रहीं दीक्षा जोशी ने भी सेट पर पहली बार गणेश चतुर्थी मनाने को लेकर उत्साह व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टीम ने अब तक कई त्योहार साथ मनाए हैं, जिससे सेट परिवार जैसा महसूस होता है। वह इस बार महाराष्ट्रीयन व्यंजनों और अलग-अलग तरह के मोदकों का स्वाद लेने को लेकर खास तौर पर उत्साहित हैं।
गणेश चतुर्थी के इस उत्सव ने ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ की टीम को शूटिंग की व्यस्तता के बीच साथ समय बिताने और आपसी रिश्तों को और मजबूत करने का अवसर दिया।
‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।








