जनसमस्याओं का त्वरित और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें : मुख्यमंत्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने मुख्य सेवक सदन में सुनीं प्रदेशभर से आए लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निस्तारण के निर्देश

देहरादून 21 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान लोगों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पेंशन, रोजगार, आर्थिक सहायता सहित क्षेत्रीय और व्यक्तिगत समस्याओं से जुड़े मामले मुख्यमंत्री के समक्ष रखे।

मुख्यमंत्री ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित, प्रभावी और समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन समस्याओं का समाधान जिला या विभागीय स्तर पर संभव है, उन्हें अनावश्यक रूप से शासन स्तर पर लंबित नहीं रखा जाना चाहिए। अधिकारियों को अपने स्तर पर जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करना होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन और प्रशासन के प्रत्येक स्तर पर अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुनकर नियमानुसार उनका शीघ्र समाधान किया जाए। लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन-1905, जनसुनवाई और ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ जैसे माध्यमों से जनसमस्याओं के समाधान को प्रभावी बनाया जा रहा है। ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के तहत शासन और प्रशासन के अधिकारी स्वयं जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान कर रहे हैं। साथ ही पात्र लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं से जोड़ा जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 17 सितंबर से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और नवाचार से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ शिविरों के साथ स्वास्थ्य और बहुउद्देशीय शिविर भी लगाए जाएंगे। इनके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और सेवाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को जनसुनवाई में प्राप्त प्रत्येक प्रकरण पर गंभीरता से कार्रवाई करने और शिकायतों के निस्तारण की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि संबंधित व्यक्ति को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए। शासन, जिला प्रशासन और विभागों के बीच बेहतर समन्वय से जनसमस्याओं का और प्रभावी ढंग से समाधान किया जाए।

पदक विजेता खिलाड़ियों से भी मिले मुख्यमंत्री

जनसुनवाई के दौरान ‘नौवीं हीरोज अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026’ में पदक जीतने वाले उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने भी मुख्यमंत्री से भेंट की। प्रतियोगिता 31 जुलाई से दो अगस्त तक पटाया, चोनबुरी, थाईलैंड में आयोजित हुई थी। उत्तराखंड के मन्नू सोनकर, शिवानी दाबसा, मोहम्मद जकी और मुकुल ने स्वर्ण पदक, जबकि मेघा शर्मा और धनंजय धारीवाल ने कांस्य पदक जीते। मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव विनय शंकर पांडेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, अपर सचिव जेसी कांडपाल, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान, एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोभाल और मुख्यमंत्री कार्यालय के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें