भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ बुलंद आवाज उठाएं कांग्रेस कार्यकर्ता

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 8 सितंबर। उत्तराखंड कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सांसद कुमारी शैलजा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जनता के बीच जाकर मजबूती से आवाज उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संगठन के विभाग और प्रकोष्ठ केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि मैदान में सक्रिय होकर जनता के साथ सीधा संवाद स्थापित करें।

सोमवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कुमारी शैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के विभिन्न फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक की। इस दौरान संगठनों द्वारा किए जा रहे कार्यों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी ली गई।
कुमारी शैलजा ने सभी संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के अध्यक्षों को जल्द कार्यकारिणी गठित करने तथा प्रदेशभर में व्यापक दौरे कर संगठन को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दलितों के साथ कथित अन्याय, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, बेरोजगारी और युवाओं की समस्याओं जैसे मुद्दों को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता के बीच सक्रियता से आवाज उठानी होगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझते हुए उनके समाधान के लिए संघर्ष करे। फ्रंटल संगठनों की बैठक के बाद उन्होंने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्षों, महामंत्रियों और सचिवों की बैठक को भी संबोधित किया।
कुमारी शैलजा ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी जल्द ही जिलों, महानगरों और विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त करेगी। सभी प्रभारी अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय स्थापित करें तथा संगठन को एकजुट करते हुए आगामी चुनाव की तैयारियों में जुट जाएं।
प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि चुनाव केवल नेताओं के प्रयास से नहीं, बल्कि एकजुट और समर्पित कार्यकर्ताओं की मेहनत से जीता जाता है। उन्होंने पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ संगठन के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा सरकार की नीतियों और फैसलों का तथ्यात्मक ढंग से विरोध करते हुए जनता की आवाज बनें। कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, बूथ-बूथ और विधानसभा स्तर तक पहुंचकर जनता से संवाद स्थापित करने के साथ कांग्रेस की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना होगा।
बैठक में उत्तराखंड कांग्रेस के सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा सहित प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपाध्यक्ष, महामंत्री, सचिव तथा फ्रंटल संगठनों, विभागों और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्ष मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें