
नई दिल्ली, 15 जुलाई। भारतीय रेलवे ने IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन बुधवार रात 9 बजे से उपयोगकर्ताओं के लिए लॉन्च कर दिया। यात्री नई वेबसाइट का उपयोग कर उसके नए डिजाइन और सुविधाओं का अनुभव ले सकेंगे तथा अपने सुझाव भी दे सकेंगे।
रेल मंत्रालय के अनुसार, नई वेबसाइट का डिजाइन और यूजर इंटरफेस पहले की तुलना में अधिक सरल और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया गया है। यह बदलाव मालवीय राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (MNIT) के छात्रों के सुझावों के आधार पर किए गए हैं।
नई वेबसाइट में चार प्रमुख सुधार किए गए हैं। अब अनावश्यक कैप्चा, पॉप-अप और चमकदार ग्राफिक्स नहीं होंगे। सभी श्रेणियों में सीटों की उपलब्धता एक साथ दिखाई देगी। टिकट बुकिंग के लिए पहले की तुलना में कम चरण पूरे करने होंगे, जिससे चेकआउट प्रक्रिया तेज होगी। साथ ही, यात्रियों के विवरण सुरक्षित रखने की सुविधा भी दी गई है, जिससे दोबारा टिकट बुक करना आसान होगा।
IRCTC की वेबसाइट वर्ष 2002 में शुरू हुई थी और वर्तमान में प्रतिदिन औसतन 14.5 लाख टिकटों की बुकिंग संभालती है।
रेल मंत्रालय ने बताया कि बीटा वर्जन के जरिए यात्रियों से प्राप्त सुझावों के आधार पर वेबसाइट को और बेहतर बनाया जाएगा। आने वाले कुछ सप्ताह में नई वेबसाइट को नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन (Passenger Reservation Engine) से भी जोड़ा जाएगा। यह नया रिजर्वेशन सिस्टम भी अंतिम चरण में है और जल्द ही शुरू किया जाएगा।रेल मंत्रालय ने यात्रियों से नई वेबसाइट का उपयोग कर अपने सुझाव और फीडबैक देने की अपील की है, ताकि भविष्य में इसे और अधिक सुविधाजनक बनाया जा सके।









