744 स्कूलों में शुरू होगी व्यावसायिक शिक्षा, एक लाख छात्रों को मिलेगा लाभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 16 अप्रैल। राज्य में स्कूली शिक्षा को रोजगारपरक बनाने की दिशा में सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। नए शिक्षा सत्र 2026-27 से प्रदेश के कुल 744 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा संचालित की जाएगी, जिससे करीब एक लाख छात्रों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में संचालित 200 विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा कार्यक्रम पहले की तरह निर्बाध रूप से जारी रहेगा। इसके साथ ही 544 नए विद्यालयों में पारंपरिक विषयों के साथ व्यावसायिक पाठ्यक्रम भी शुरू किए जाएंगे।उन्होंने कहा कि टेंडर प्रक्रिया में देरी के बावजूद छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए पहले से अनुबंधित संस्था को ही कार्यक्रम जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही अधिकारियों को नई टेंडर प्रक्रिया जल्द शुरू कर उसे समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।मंत्री ने बताया कि व्यावसायिक शिक्षा के माध्यम से छात्रों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे वे भविष्य में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। उन्होंने योजनाओं के नियमित अनुश्रवण और प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
समग्र शिक्षा योजना के तहत शुरू हो रहे इन पाठ्यक्रमों में छात्रों को एग्रीकल्चर, ऑटोमोटिव, ब्यूटी एंड वेलनेस, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर, आईटी, प्लंबिंग, रिटेल तथा टूरिज्म एवं हॉस्पिटैलिटी जैसे आठ प्रमुख क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Leave a Comment

और पढ़ें