
रुद्रप्रयाग 16 अप्रैल। जिला प्रेस क्लब रुद्रप्रयाग के 20 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘ज्ञानदीप सम्मान समारोह 2026’ में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित किया।
अपने एक दिवसीय दौरे पर रुद्रप्रयाग पहुंचे मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता, लोक कला, संस्कृति, साहित्य सहित अन्य क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया। पत्रकारिता के क्षेत्र में रमेश पहाड़ी, चंद्रमोहन शुक्ला और लक्ष्मी प्रसाद डिमरी को सम्मानित किया गया। वहीं लोक कला एवं संस्कृति में सौरभ मैठाणी, हेमा नेगी करासी तथा साहित्य के क्षेत्र में मुकेश नौटियाल सहित अन्य प्रतिभाओं को भी सम्मान मिला।
कार्यक्रम के दौरान जिला प्रेस क्लब के प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
मुख्यमंत्री धामी ने इस अवसर पर सभी सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की मजबूत आधारशिला है और इसे लोकतंत्र का चौथा स्तंभ कहा जाता है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव के चलते फेक न्यूज एक बड़ी चुनौती बनकर उभरी है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की पुष्टि कर निष्पक्ष एवं विश्वसनीय समाचार जनता तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज को जागरूक करने और जन सरोकारों से जुड़े मुद्दों को सरकार तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं। आधुनिक तकनीक के इस दौर में भ्रामक सूचनाओं पर रोक लगाना और सत्यपरक पत्रकारिता को बढ़ावा देना समय की जरूरत है।
इस मौके पर भरत सिंह चौधरी, आशा नौटियाल, जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ऐश्वर्या रावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, प्रेस क्लब अध्यक्ष बृजेश भट्ट, महामंत्री बद्री नौटियाल सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।








