
बरेली 16 अप्रैल। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने ग्रीष्मकाल के दौरान यात्रियों को स्वच्छ खाद्य सामग्री और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान तेज कर दिया है। इस अभियान के तहत अनाधिकृत वेंडरों और अवैध खाद्य-पेय पदार्थों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के निर्देश और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक संजीव शर्मा के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान ट्रेन संख्या 15084 में जांच के दौरान अनाधिकृत वेंडरों से ‘ऐलविश’ ब्रांड की 1000 एमएल की 48 पानी की बोतलें (प्रति बोतल 14 रुपये) ड्रम सहित बरामद की गईं। बरामद सामग्री को आगे की कार्रवाई के लिए वाणिज्य अधीक्षक कन्नौज को सौंप दिया गया।
उधर काठगोदाम रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 15044 के एम-1 कोच से आईआरसीटीसी स्टाफ द्वारा बिक्री के लिए रखे गए अनअप्रूव्ड ब्रांड पानी की 25 पेटियां संयुक्त जांच अभियान में जब्त की गईं। मामले में आवश्यक कार्रवाई जारी है।
वहीं बरेली सिटी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12036 के कोच डी-5 में एक अनाधिकृत वेंडर को पकड़कर रेलवे सुरक्षा बल को सौंपा गया, जिसके खिलाफ धारा 144 के तहत कार्रवाई की गई।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य-पेय सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि ट्रेनों में शुद्ध पानी और गुणवत्तापूर्ण सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।








