रन फॉर अवेयरनेस” रैली को सीएम धामी ने दिखाई हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


हल्द्वानी 12 अप्रैल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को हल्द्वानी में नशामुक्त उत्तराखंड अभियान के तहत आयोजित “रन फॉर अवेयरनेस” रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। एमबी इंटर कॉलेज मैदान से शुरू हुई इस रैली में हजारों की संख्या में युवा, छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।

रैली के शुभारंभ से पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दौड़ केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ एक जन-जागरूकता अभियान है। उन्होंने कहा कि “यह एक स्वस्थ, समृद्ध और नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प की दौड़ है, जो पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश देगी।”

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा एक “साइलेंट वार” की तरह समाज में फैल रहा है और इसकी चपेट में सबसे अधिक युवा वर्ग आ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मजाक-मजाक में शुरू हुआ नशा धीरे-धीरे व्यक्ति और उसके परिवार के जीवन को संकट में डाल देता है।

उन्होंने बताया कि नरेंद्र मोदी द्वारा वर्ष 2020 में शुरू किए गए ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ से प्रेरित होकर राज्य सरकार इस दिशा में मिशन मोड में कार्य कर रही है। वर्ष 2022 में गठित एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा हजारों आरोपियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में मादक पदार्थों की बरामदगी की गई है। साथ ही एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी (एटीएफ) केंद्रों का संचालन किया जा रहा है और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी ऐसे केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ‘दगड़िया क्लब’ जैसे नवाचार किए गए हैं, जो सकारात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को जागरूक कर रहे हैं।

उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि नशे के खिलाफ यह लड़ाई केवल कानून के सहारे नहीं जीती जा सकती, बल्कि समाज की भागीदारी और जागरूकता से ही इसे सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने सभी से संकल्प लेने को कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर डॉ. स्वामी रामेश्वरम हरि, डॉ. हरीश रौतेला, श्याम अग्रवाल, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, मेयर गजराज सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, सुरेंद्र सिंह नामधारी सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही आयुक्त कुमाऊं एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी मंजूनाथ टीसी सहित बड़ी संख्या में युवा एवं नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Comment

और पढ़ें