
देहरादून 10 अप्रैल।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सचिवालय में नैनीताल और उधमसिंह नगर जिले की विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से संबंधित मुख्यमंत्री घोषणाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए उनका त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को शासन तक पहुंचाते हैं, इसलिए उन पर गंभीरता से कार्यवाही करना शासन और प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि अल्पकालिक कार्यों को शीघ्र पूरा किया जाए, जबकि दीर्घकालिक योजनाओं को तय समयसीमा के भीतर चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों की प्रगति में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने मुख्य सचिव आन्नद वर्धन को निर्देश दिए कि जिन योजनाओं में एक से अधिक विभाग शामिल हैं, उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए तथा मुख्य सचिव स्तर पर नियमित समीक्षा की जाए, ताकि परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब न हो।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखें, जिससे समस्याओं की सही जानकारी मिल सके और उनके समाधान में तेजी लाई जा सके। उन्होंने आगामी वर्षाकाल को देखते हुए बरसाती नालों की सफाई, सिल्ट हटाने और जल निकासी से संबंधित कार्य समय रहते पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जलभराव और बाढ़ जैसी समस्याओं से निपटा जा सके। साथ ही ग्रीष्मकाल में संभावित वनाग्नि की घटनाओं की रोकथाम के लिए भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा।मुख्यमंत्री ने गर्मी के मौसम में पेयजल और विद्युत आपूर्ति को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में निर्बाध जल और बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।बैठक के दौरान विभिन्न विधायकगणों ने अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनमें सड़क निर्माण और मरम्मत, स्वास्थ्य सेवाओं का सुदृढ़ीकरण, मिनी खेल मैदानों का निर्माण, जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, बाढ़ सुरक्षा कार्य और जलभराव जैसी समस्याएं शामिल रहीं। मुख्यमंत्री ने सभी मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा , बंशीधर भगत , त्रिलोक सिंह चीमा ,शिव अरोरा, सरिता आर्या, डॉ. मोहन सिंह बिष्ट सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे । जबकि कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।







