देहरादून 29 दिसंबर
। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) उत्तराखंड ने देहरादून में त्रिपुरा के छात्र एंजेल चकमा की हत्या की घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
अभाविप के प्रान्त कार्यालय मंत्री प्रशांत डोभाल द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि देहरादून देश का एक प्रमुख शिक्षा केंद्र है, जहां देश के कोने-कोने से विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण करने आते हैं। पूर्वोत्तर भारत से भी बड़ी संख्या में छात्र यहां विभिन्न शिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत हैं। ऐसे में इस तरह की हिंसक घटनाएं न केवल शिक्षा व्यवस्था, बल्कि सामाजिक सौहार्द के लिए भी गंभीर चिंता का विषय हैं।
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि छात्र एंजेल चकमा पर जानलेवा हमला किया जाना अत्यंत निंदनीय और अमानवीय है। इस प्रकार की घटनाएं उत्तराखंड की संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के पूरी तरह विपरीत हैं।
अभाविप उत्तराखंड के प्रदेश मंत्री ऋषभ रावत ने कहा कि परिषद मांग करती है कि इस हत्या में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने मामले की फास्ट-ट्रैक कोर्ट में सुनवाई कराने, मृतक छात्र के परिजनों को उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता देने की भी मांग की।
साथ ही अभाविप ने देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में अध्ययनरत पूर्वोत्तर एवं अन्य राज्यों से आए छात्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी और ठोस व्यवस्था लागू किए जाने की आवश्यकता पर जोर दिया




