सीएफओ कार्यालय का घेराव — “वन विभाग की लापरवाही से गंवा रहे लोग जान”
देहरादून। प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भालू और बाघ के लगातार बढ़ते हमलों के विरोध में मंगलवार को कांग्रेस ने मुख्य वन संरक्षक कार्यालय का घेराव किया। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता दिलाराम चौक से रैली की शक्ल में आगे बढ़े और वन विभाग पर लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले छह महीनों में पौड़ी, चमोली समेत पर्वतीय जिलों में जंगली जानवरों के हमले खतरनाक रूप से बढ़े हैं। भालू और बाघ अब तक दर्जनों लोगों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार चुके हैं, जबकि सैकड़ों मवेशी भी मारे जा चुके हैं। ग्रामीण इलाकों में भय और असुरक्षा की स्थिति बनी है और लोग जंगलों में जाने से कतराने लगे हैं।
मुख्य वन संरक्षक को सौंपे गए ज्ञापन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि वन विभाग की संवेदनहीनता के कारण लोगों की जान-माल का भारी नुकसान हो रहा है और आजीविका तक प्रभावित हो रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों में आतंक का ऐसा माहौल है कि लोग पलायन तक को मजबूर हो रहे हैं।
कांग्रेस ने ज्ञापन में आठ मांगें रखीं, जिनमें प्रभावित क्षेत्रों में भालू और बाघ के मूवमेंट की ट्रैकिंग व मॉनिटरिंग बढ़ाना, रात के समय गश्त, ट्रैंक्विलाइजर टीम की तैनाती, पीड़ित परिवारों को तत्काल मुआवजा व उपचार, ग्रामीणों के लिए सुरक्षा प्रशिक्षण, गांवों के पास चेतावनी बोर्ड व बाड़बंदी, वन विभाग–पंचायत–प्रशासन के बीच समन्वय मजबूत करने तथा संघर्ष रोकने के लिए तात्कालिक और दीर्घकालिक कार्य योजना बनाना शामिल है।
गणेश गोदियाल ने कहा कि यदि वन विभाग जल्द कार्रवाई नहीं करता तो कांग्रेस इस मुद्दे पर बड़ा जन आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि विभाग जनहित के इस गंभीर विषय पर त्वरित फैसले लेगा।
घेराव कार्यक्रम में पूर्व मंत्री हरीश सिंह बिष्ट, उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, कोषाध्यक्ष आर्येंद्र शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, महानगर अध्यक्ष डॉ जसविंदर सिंह गोगी, जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और महिला पदाधिकारी मौजूद रहे।









