
देहरादून, 12 नवम्बर। ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी से आज जनपद चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र के खत्याड़ी गांव से आए एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं सेवानिवृत्त सूबेदार लेफ्टीनेंट नन्द किशोर थपलियाल ने किया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री गणेश जोशी को ज्ञापन सौंपते हुए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत कालूसैंण से सेरापाखुडी होते हुए नैनीसैंण-कालूसैंण-सांकरी कच्चे मोटर मार्ग का शीघ्र डामरीकरण करने की मांग की।
मंत्री गणेश जोशी ने ग्रामीणों की मांग को ध्यानपूर्वक सुनते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और कनेक्टिविटी को सुदृढ़ बनाना सरकार की प्राथमिकता है।
इस अवसर पर सेवानिवृत्त सूबेदार राजेंद्र सिंह मनराल, विजय प्रसाद जोशी, योगेश्वर थपलियाल, उमा मनराल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।







