पुराने मतदाताओं का शत प्रतिशत मिलान करें, “बुक अ कॉल विद बीएलओ” फीचर का करें प्रचार
देहरादून 11 नवंबर
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मंगलवार को सचिवालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों के जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारियों, बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) की नियुक्ति और निर्वाचन आयोग के निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश दिए कि 2003 की मतदाता सूची में शामिल सभी मतदाताओं का वर्तमान सूची में शत प्रतिशत मिलान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो मतदाता अब दूसरे स्थानों पर स्थानांतरित हो गए हैं, उनसे बीएलओ व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर उनकी सही श्रेणी में मैपिंग करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य आगामी विशेष पुनरीक्षण के दौरान मतदाताओं को किसी भी असुविधा से बचाना है।
डॉ. पुरुषोत्तम ने जिलाधिकारियों को राजनीतिक दलों के साथ पुनः बैठक कर बूथ लेवल एजेंट्स की शत-प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा ईसीआई-नेट ऐप में “बुक अ कॉल विद बीएलओ” फीचर जोड़ा गया है, जिसके माध्यम से मतदाता अपने क्षेत्र के बीएलओ से सीधे संवाद कर सकेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि इस सुविधा का अधिकतम लाभ मतदाताओं तक पहुंचे, इसके लिए जिला प्रशासन व्यापक प्रचार-प्रसार करे।
बैठक में संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्रा, डिप्टी डीईओ देहरादून अभिनव शाह, डिप्टी डीईओ हरिद्वार फिंचाराम, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास, राज्य स्वीप नोडल विनय कुमार सहित चारों जिलों के जिलाधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए।








