सस्ते गल्ले विक्रेताओं का आयुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

धस्माना ने दिया समर्थन, सरकार को चेताया—नहीं मानी मांगें तो होगा घेराव
आयुक्त ने आंशिक भुगतान जारी कर एक माह में बकाया निपटाने का दिया आश्वासन

देहरादून 6 नवंबर। प्रदेशभर से आए सस्ते गल्ले के दुकानदारों ने गुरुवार को रिंग रोड स्थित खाद्य आयुक्त कार्यालय में अपनी छह सूत्री मांगों को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। दुकानदारों ने तीन घंटे तक कार्यालय का घेराव कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

धरने की सूचना पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना भी मौके पर पहुंचे और कांग्रेस की ओर से आंदोलन को पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार मेहनतकश वर्ग का हक मारने में लगी है और गरीबों के मुद्दों से उसका कोई सरोकार नहीं रहा।

धस्माना ने कहा कि राशन विक्रेता सरकार और जनता के बीच सबसे मजबूत कड़ी हैं। कोरोना काल में जान जोखिम में डालकर लोगों को राशन पहुँचाने वाले डीलरों का आज तक बकाया भुगतान न होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खनन और नशे के कारोबार में व्यस्त है, जबकि गरीबों और महिलाओं की समस्याओं से बेखबर है।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सस्ते गल्ले विक्रेताओं की मांगें शीघ्र नहीं मानी गईं, तो कांग्रेस खाद्य मंत्री और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेगी।

इस दौरान धस्माना ने खाद्य आयुक्त रणवीर सिंह चौहान से फोन पर वार्ता कर विक्रेताओं की समस्याएँ रखीं। आयुक्त ने बताया कि वे दो दिन पूर्व ही पदभार ग्रहण कर चुके हैं और आंशिक लाभांश एवं भाड़ा जारी किया जा चुका है, जबकि बकाया भुगतान एक महीने में कर दिया जाएगा। मानदेय की मांग पर भी विचार किया जाएगा।

धरने का नेतृत्व प्रदेश राशन विक्रेता फेडरेशन के अध्यक्ष रेवाधर ब्रजवासी, नरेंद्र शर्मा, दिनेश कश्यप, अमीचंद सोनकर, संजय शर्मा, हरीश पंत, रघुवीर सिंह, सुनील शर्मा और दिनेश चौहान ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें