
मुख्यमंत्री धामी और कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने किया उद्घाटन
सांस्कृतिक कलाकारों और बैंड ने जमाया रंग
देहरादून, 6 नवंबर।
राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर परेड ग्राउंड, देहरादून में गुरुवार को युवा महोत्सव का भव्य और रंगारंग शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और युवा कल्याण एवं पीआरडी मंत्री रेखा आर्या ने संयुक्त रूप से किया। पूरे परिसर में युवाओं और सांस्कृतिक कलाकारों की ऊर्जा और उत्साह से माहौल उल्लासमय हो उठा।
उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री धामी और मंत्री रेखा आर्या ने प्रदर्शनी में लगाए गए सभी स्टालों का निरीक्षण किया तथा विशेष रूप से तैयार किए गए ड्रोन कबड्डी एरिना का भी शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। उन्होंने कहा कि “भारत को विश्व गुरु और आर्थिक महाशक्ति बनाने में सबसे बड़ी भूमिका हमारे युवाओं की ही रहने वाली है।”
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश की युवा शक्ति में 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने की क्षमता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्किल डेवलपमेंट, रोजगारपरक शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए सतत कार्य कर रही है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने राज्य आंदोलनकारियों और उत्तराखंड राज्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को नमन किया।
उद्घाटन समारोह में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए कलाकारों ने लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं। वहीं, खटीमा से आए बैंड ने अपने सुरों की गूंज से श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।
कार्यक्रम में सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष फरजाना बेगम, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, प्रताप सिंह, मीता सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति
उपस्थित रहे।








