भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने काशीपुर से बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन अभियान का किया शुभारंभ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कहा — “भाजपा की वास्तविक शक्ति हमारे बूथ कार्यकर्ता हैं”

देहरादून, 3 नवंबर। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मंगलवार को काशीपुर से राज्यव्यापी मंडल बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के प्रथम चरण में श्री भट्ट काशीपु र, नैनीताल और ऊधमसिंह नगर जिलों में आयोजित होने वाले सम्मेलनों को संबोधित करेंगे।

काशीपुर ग्रामीण मंडल में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने कहा कि भाजपा की असली ताकत उसके बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कहा, “बूथ पर कार्य करने वाला हर कार्यकर्ता संगठन का सबसे मजबूत स्तंभ है, क्योंकि वही जनता के बीच रहकर पार्टी की नीतियों और योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाता है और समाज को जोड़ने का कार्य करता है।”
भट्ट ने कहा कि पार्टी को सशक्त बनाने, सेवा कार्यों को गाँव स्तर तक पहुँचाने और आगामी चुनावों में निर्णायक भूमिका निभाने के लिए बूथ कार्यकर्ताओं की सक्रियता और समर्पण अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनसंपर्क के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुँचाएं।

इस अवसर पर प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिलाध्यक्ष मनोज पाल, मंडल अध्यक्ष बृजेश पाल, प्रदेश मंत्री गुंजन सुखीजा, पूर्व प्रदेश महामंत्री खिलेंद्र चौधरी, ब्लॉक प्रमुख चंद्रप्रभा सहित काशीपुर ग्रामीण मंडल के बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

प्रदेश मीडिया प्रमुख श्री मनवीर सिंह चौहान ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष महेंद्र भट्ट का मंडल प्रवास कार्यक्रम 5 नवंबर को काशीपुर, किच्छा और रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ कार्यकर्ता सम्मेलनों को संबोधित करने के साथ जारी रहेगा। इसके बाद 6 नवंबर को वे रजत जयंती समारोह के तहत हल्द्वानी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में भाग लेंगे और लालकुआं व कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्रों के बूथ सम्मेलनों को भी संबोधित करेंगे।
उन्होंने बताया कि 7 नवंबर की सुबह 8 बजे महेंद्र भट्ट वंदे मातरम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर हल्द्वानी में आयोजित विशेष कार्यक्रम में भी भाग लेंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें