राज्य स्थापना दिवस की तैयारियों का डीएम व एसएसपी ने किया निरीक्षण — पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित होगी आकर्षक परेड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 04 नवंबर ।
राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह श्रृंखला के अंतर्गत जिलाधिकारी सविन बंसल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन रेसकोर्स में आयोजित होने वाली पुलिस रैतिक परेड तथा 8 नवम्बर को प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने कार्यक्रम से संबंधित व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जिलाधिकारी सविन बंसल ने मंच, बैठक व्यवस्था, साउंड सिस्टम, सुरक्षा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग स्थल, आमंत्रित अतिथियों के स्वागत तथा अन्य व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि राज्य स्थापना दिवस समारोह को भव्यता एवं गरिमा के साथ सम्पन्न कराने हेतु सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से पूर्ण की जाएं। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और शांति व्यवस्था पर ध्यान देने के निर्देश दिए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने पुलिस बल की ड्यूटी, परेड रिहर्सल और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन, रेसकोर्स में आकर्षक रैतिक परेड का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य पुलिस की विभिन्न इकाइयों के पुलिस बल भाग लेंगे।

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जया बलूनी, उप जिलाधिकारी सदर हरी गिरी, उप जिलाधिकारी अपूर्वा सिंह आदि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें