👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्यमंत्री ने अस्पताल उन्नयन का शासनादेश जारी करने पर जताया आभार — बोले, पर्वतीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाना सर्वोच्च प्राथमिकता

देहरादून 4 नवंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंगलवार को चौखुटिया में स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण हेतु आंदोलन कर रहे प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री आवास में भेंट की।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने जनभावनाओं का सम्मान करते हुए चौखुटिया अस्पताल के उन्नयन हेतु तत्काल प्रभाव से शासनादेश जारी किया, जिसके तहत अस्पताल की क्षमता 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड कर दी गई है। साथ ही आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को चरणबद्ध रूप से सुदृढ़ करने का निर्णय लिया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार जनता की आकांक्षाओं के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जनहित की प्रत्येक मांग पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि चौखुटिया और आसपास के क्षेत्रों की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को लेकर वे स्वयं स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक करेंगे और प्रगति की सीधी मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एक्स-रे मशीन के संचालन की जिम्मेदारी उत्तराखंड कृषि उत्पादन विपणन परिषद को सौंपी गई है, जिससे आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।

सीएम धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेशवासियों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदेश के भीतर ही उपलब्ध कराई जाएं। इसी क्रम में उन्होंने घोषणा की कि एम्स ऋषिकेश में उत्तराखंड वासियों के लिए एक विशेष काउंटर स्थापित किया जाएगा, ताकि राज्य के मरीजों को त्वरित एवं सरल चिकित्सा सेवा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश की संपूर्ण स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में ठोस नीति पर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वे शीघ्र ही चौखुटिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे और व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।

धामी ने कहा कि अल्मोड़ा जनपद के चौखुटिया में 30 बेड से बढ़ाकर 50 बेड का अस्पताल बनने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं प्राप्त होंगी। साथ ही, अस्पताल में अत्याधुनिक डिजिटल एक्स-रे मशीन भी उपलब्ध कराई जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि पहाड़ के लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े। इसी उद्देश्य से उप जिला चिकित्सालय के निर्माण कार्यों की जिम्मेदारी कृषक विपणन परिषद को कार्यदायी संस्था के रूप में सौंपी गई है, ताकि कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण हो सकें।

मुख्यमंत्री ने दोहराया कि सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और मजबूती पर है। चौखुटिया अस्पताल के विस्तार से क्षेत्र के हजारों लोगों को लाभ मिलेगा और उपचार में होने वाली देरी रोकी जा सकेगी।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी अल्मोड़ा, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, चौखुटिया के जनप्रतिनिधि तथा आंदोलनकारी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

 

Leave a Comment

और पढ़ें