भाजपा अध्यक्ष बोले — विपक्ष दलगत राजनीति से ऊपर उठकर करे सकारात्मक चर्चा
देहरादून 3 नवंबर ।
उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को भाजपा ने प्रदेश के लिए गौरवशाली क्षण बताया है। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने कहा कि देश के सर्वोच्च नेतृत्व का उत्तराखंड आना इस बात का प्रतीक है कि राष्ट्र में राज्य का महत्त्व लगातार बढ़ा है।
भट्ट ने कहा कि राष्ट्रपति द्वारा विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित किया जाना और 9 नवंबर को प्रधानमंत्री का उत्तराखंड आगमन प्रदेशवासियों के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि “रजत जयंती समारोह पूरे राज्य में जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जा रहा है। यह अवसर है कि हम 25 वर्षों की उपलब्धियों का मूल्यांकन करें और आने वाले 25 वर्षों के विकास का रोडमैप तैयार करें।”
कांग्रेस द्वारा विधानसभा सत्र की अवधि पर उठाई गई आपत्तियों पर प्रतिक्रिया देते हुए भट्ट ने कहा कि यह समय दलगत राजनीति का नहीं, बल्कि आत्ममंथन और सकारात्मक विमर्श का है। उन्होंने कहा कि “सदन इस बात पर चर्चा करे कि राज्य ने अब तक क्या हासिल किया, आगे क्या लक्ष्य तय करने हैं और शेष चुनौतियों को कैसे दूर किया जाए। कांग्रेस को इस अवसर को राजनीतिक चश्मे से नहीं देखना चाहिए।”
भट्ट ने व्यंग्यात्मक लहजे में कहा कि सरकार आज भाजपा की है और आगे भी भाजपा की ही रहेगी, ऐसे में कांग्रेस का यह नकारात्मक रवैया अंततः उसी के नुकसान का कारण बनेगा।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत द्वारा गैरसैण को स्थायी राजधानी बनाने के बयान पर भट्ट ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस सरकारों ने कभी भी सदन में स्थायी राजधानी का विषय नहीं उठाया। हरीश रावत मुख्यमंत्री रहे, केंद्र में मंत्री रहे, लेकिन गैरसैण के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। भाजपा सरकार ने ही गैरसैण को ग्रीष्मकालीन राजधानी का दर्जा दिया और उसके विकास की दिशा में काम किया।”
भट्ट ने कहा कि राजधानी किसी एक क्षेत्र के विकास का नहीं, बल्कि पूरे राज्य के संतुलित विकास का केंद्र होती है। जब सर्वसम्मति बनेगी तो सरकार उचित निर्णय लेगी। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि “अपने पुराने रुख को याद रखें और ऐसे संवेदनशील विषयों पर जिम्मेदारी से बयान दें।”
(मनवीर चौहान, प्रदेश मीडिया संयोजक, भाजपा उत्तराखंड)






