गोविंदगढ़ में कांग्रेस का हस्ताक्षर अभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

26 नवंबर को राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी कांग्रेस, अभिनव थापर के नेतृत्व में व्यापारियों और स्थानीय लोगों से किया जनसंपर्क

देहरादून, 19 नवंबर। कैंट विधानसभा क्षेत्र के गोविंदगढ़ मुख्य बाजार में गुरुवार को कांग्रेस ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रियों रेखा आर्या, गणेश जोशी तथा धन सिंह रावत के इस्तीफे की मांग को लेकर हस्ताक्षर अभियान चलाया। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग के प्रदेश अध्यक्ष अभिनव थापर और पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से जनसंपर्क कर हस्ताक्षर कराए।

अभिनव थापर ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार के आरोपों, अनियमितताओं और जनविरोधी नीतियों को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। जनता सरकार से जवाबदेही चाहती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से संबंधित मामलों में जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने और आरोपों से घिरे मंत्रियों से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग की।

पूर्व पार्षद चरणजीत कौशल ने कहा कि कांग्रेस हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज को एकजुट कर रही है। आगामी 26 नवंबर को पार्टी हस्ताक्षरों के साथ राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर मुख्यमंत्री और संबंधित मंत्रियों के इस्तीफे की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पारदर्शिता और जवाबदेह शासन के मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी।

अभियान में गुरचरण कौशल, त्रिलोचन सिंह जस्सल, अमृता कौशल, पवन चौहान, कृष्णा देवी, उमा, मिथलेश रानी, संजय प्रजापति, जतिन कौशल, लक्ष्य कौशल, राहुल, संजय, प्रेमचंद शर्मा, आशीष मिश्रा, याकूब अली और नीरज गोस्वामी सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें