
राजकीय इंटर कॉलेज मणिपुर की टीम ने ग्राम डोभा के वन क्षेत्र का किया भ्रमण, शिक्षक डॉ. शैलेश वशिष्ठ ने दी औषधीय पौधों की जानकारी
रुद्रप्रयाग 19 नवंबर ।जनपद रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि विकासखंड स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मणिपुर के बाल वैज्ञानिकों ने औषधीय पौधों की जानकारी जुटाने के लिए अपने मार्गदर्शक शिक्षक डॉ. शैलेश प्रसाद वशिष्ठ के नेतृत्व में ग्राम डोभा और आसपास के वन क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों से पारंपरिक रूप से औषधीय पौधों के उपयोग और उनके महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त की।
ग्राम भ्रमण के दौरान ग्राम प्रधान यशपाल सिंह रावत और ग्रामीणों ने बच्चों को पीढ़ियों से घरेलू उपचार में इस्तेमाल किए जा रहे विभिन्न औषधीय पौधों के बारे में बताया। डॉ. वशिष्ठ ने वन क्षेत्र में उपलब्ध गिलोय, बांसिंगा, ब्राह्मी, शिल्फाड़ी, पत्थरचट्टा, आंवला, तुलसी, दारुहरिद्रा, थूनेर और टिमरू सहित अनेक औषधीय पौधों की पहचान और उनके महत्व की जानकारी दी।
ग्राम प्रधान यशपाल सिंह रावत ने बाल वैज्ञानिकों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस तरह के क्षेत्रीय अध्ययन से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई औषधीय पौधों का उपयोग पीढ़ियों से घरेलू उपचार के लिए किया जाता रहा है। उन्होंने विशेष रूप से किरमोड़ यानी दारुहरिद्रा के पारंपरिक उपयोग का उल्लेख किया।
विद्यार्थियों की जिज्ञासा पर डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि दारुहरिद्रा में पाया जाने वाला बर्बेरिन रक्त में ग्लूकोज के स्तर को कम करने से संबंधित गुणों के लिए जाना जाता है। इस तरह के पौधों पर वैज्ञानिक अध्ययन भी किए जा रहे हैं।
भ्रमण में बाल वैज्ञानिक कु. आराध्या, हार्दिक सिंह सहित अन्य विद्यार्थी शामिल रहे। विद्यार्थियों ने इस शैक्षिक भ्रमण को बेहद रोचक और अविस्मरणीय बताते हुए कहा कि इससे उन्हें पुस्तकीय ज्ञान के साथ प्रकृति और स्थानीय पारंपरिक ज्ञान को करीब से समझने का अवसर मिला।









