
नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर और देहरादून मंडल को मिलीं 20-20 बसें
पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में आवागमन होगा आसान, बीएस-06 मानकों वाली बसों से मजबूत होगी परिवहन व्यवस्था
देहरादून 5 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास से उत्तराखंड परिवहन निगम की 59 नई साधारण बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन बसों के निगम के बेड़े में शामिल होने से प्रदेश की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही यात्रियों को सुरक्षित और सुविधाजनक सफर की सुविधा उपलब्ध होगी।
नई बसों का आवंटन प्रदेश के तीन मंडलों में किया गया है। इनमें नैनीताल मंडल को 19, टनकपुर मंडल को 20 और देहरादून मंडल को 20 बसें मिली हैं। इनका संचालन यात्रियों की आवश्यकता के अनुसार विभिन्न मार्गों पर किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित एवं सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। प्रदेश के अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास पहुंचाने के लिए सड़क संपर्क के साथ मजबूत सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था भी जरूरी है। नई बसों से विभिन्न क्षेत्रों के बीच संपर्क बेहतर होगा और स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों को भी आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सार्वजनिक परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका है। बेहतर परिवहन सेवाओं से दूरस्थ क्षेत्रों में आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलता है। सरकार परिवहन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, विश्वसनीय और सुविधाजनक बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
परिवहन निगम के बेड़े में वर्तमान में कुल 1276 बसें संचालित हैं। इनमें निगम की अपनी 891 और 385 अनुबंधित बसें शामिल हैं। अब 59 नई बसों के शामिल होने से निगम की सेवाओं का विस्तार होगा। ये बसें बीएस-06 उत्सर्जन मानकों के अनुरूप हैं, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग और निगम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नई बसों के संचालन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का प्रत्येक क्षेत्र बेहतर परिवहन सुविधाओं से जुड़े और विकास की दौड़ में कोई भी क्षेत्र पीछे न रहे।
इस अवसर पर परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, समाज कल्याण मंत्री खजान दास, विधायक भूपाल राम टम्टा, सचिव एवं परिवहन आयुक्त रविनाथ रामन सहित परिवहन विभाग और उत्तराखंड परिवहन निगम के अधिकारी उपस्थित रहे।








