
अवैध प्लॉटिंग और निर्माण पर चला बुलडोजर
शिमला बाईपास में 20 बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, पौंधा में 30 से 40 बीघा प्लॉटिंग सील
देहरादून 24 अक्टूबर ।अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शनिवार को अभियान चलाकर सात स्थानों पर कार्रवाई की। शिमला बाईपास क्षेत्र में करीब 20 बीघा भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त किया गया, जबकि पौंधा रोड पर 30 से 40 बीघा भूमि में की जा रही प्लॉटिंग को सील कर दिया गया। इसके अलावा मसूरी में अवैध निर्माण तथा विधौली में बिना स्वीकृति संचालित कैफे और दुकानों के खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की गई।
एमडीडीए के अनुसार, मेदनीपुर, शिमला बाईपास रोड, ढकरानी, हरबर्टपुर क्षेत्र में गौरव रावत की करीब 20 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। वहीं पौंधा रोड पर राजेंद्र अग्रवाल की करीब 30 से 40 बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को सील किया गया।
मसूरी के विन्सेन्ट हिल, क्रेग टॉप एस्टेट, वैवरली, हाथीपांव रोड क्षेत्र में अरुण सहगल और निर्माणकर्ता राहुल रोहानी से संबंधित अवैध निर्माण को भी सील किया गया। वहीं विधौली स्थित यूपीईएस कॉलेज के पास अवैध रूप से संचालित कैफे और दुकानों पर कार्रवाई की गई। इनमें अक्षय पंवार का कैफे, रवि शंकर का कैफे व दुकान, गायत्री शर्मा की बिना मानचित्र स्वीकृति संचालित दुकान और माही कैफे शामिल हैं।
एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि प्राधिकरण क्षेत्र में सुनियोजित विकास सुनिश्चित करना और अवैध प्लॉटिंग व निर्माण पर प्रभावी अंकुश लगाना प्राथमिकता है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि भूखंड खरीदने से पहले स्वीकृत लेआउट, मानचित्र और अन्य जरूरी अनुमतियों की जांच अवश्य करें।
प्राधिकरण के सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत व्यावसायिक गतिविधियों की नियमित निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान क्षेत्रीय सहायक अभियंता, अवर अभियंता, सुपरवाइजर और पुलिस बल मौजूद रहा।






