घरेलू गैस के दुरुपयोग पर छापेमारी, 94 सिलेंडर जब्त

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 24 अक्टूबर ।घरेलू गैस सिलेंडरों के दुरुपयोग, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अनधिकृत इस्तेमाल और अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ जिला प्रशासन एवं पूर्ति विभाग का अभियान जारी है। शनिवार को देहरादून नगर क्षेत्र में होटल और रेस्टोरेंटों की जांच के दौरान घरेलू गैस सिलेंडरों के अनधिकृत उपयोग पर 10 सिलेंडर जब्त किए गए।

वहीं छिद्दरवाला क्षेत्र में अवैध गैस रिफिलिंग का मामला सामने आने पर प्रवर्तन टीम ने कार्रवाई करते हुए 94 घरेलू एवं व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए। मामले में थाना रायवाला में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मौके से दो लोगों को गिरफ्तार भी किया गया।

जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने कहा कि त्योहारों के मद्देनजर घरेलू गैस सिलेंडरों के उपयोग और आपूर्ति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। घरेलू सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग, अवैध रिफिलिंग और कालाबाजारी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से औचक निरीक्षण जारी रखने और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
कार्रवाई में एसके एआरओ, रजत नेगी और नवीन जुयाल, पूर्ति निरीक्षक मौजूद रहे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध रिफिलिंग और घरेलू गैस के दुरुपयोग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें