देहरादून। परेड ग्राउंड देहरादून में 24 से 27 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले अंतरराज्यीय ठोऊडा महोत्सव-2026 का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। महासू देवता सहित अन्य देवी-देवताओं का आह्वान एवं पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
महोत्सव के तहत परेड ग्राउंड से संस्कृति एवं स्वच्छता यात्रा निकाली गई। 51 ढोल, 11 रणसिंघे और दमाऊ की गूंज के बीच जौनसारी, गढ़वाली, कुमाऊनी, गोरखाली सहित विभिन्न संस्कृतियों की झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। यात्रा एश्ले हॉल चौक, घंटाघर और दर्शनलाल चौक होते हुए वापस परेड ग्राउंड पहुंची।
ठोऊडा नृत्य जौनसार और हिमाचल के सिरमौर क्षेत्र की पारंपरिक लोक संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें तीर-कमान के साथ नृत्य किया जाता है तथा 14 फीट के बांस से बनाए गए हाथी का भी प्रयोग किया जाता है। महोत्सव का उद्देश्य उत्तराखंड की लोक परंपराओं, संस्कृति और विरासत के संरक्षण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवा संकल्प धारिणी फाउंडेशन की संस्थापक सदस्य गीता धामी ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
स्टार नाइट में लोक गायिका रेशमा शाह, विनोद रांगता, दीप्ति राणा, सतीश थापा, गणेश कांडपाल, सुंदर आगरी, सुरपाल शीरवान, मनोज सागर और अनूप चांगता ने प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव में उत्तराखंड के साथ हिमाचल, गोरखाली और पंजाबी संस्कृति का भी संगम देखने को मिलेगा।







